एलन मस्क की कंपनी स्टारलिंक को टक्कर देने के लिए मुकेश अंबानी की रिलायंस 1,600 सैटेलाइट अंतरिक्ष में भेजने की तैयारी कर रही है। कंपनी सितंबर 2027 में इसका पहला टेस्ट करेगी। इसके लिए रिलायंस अमेरिका से भी कम से कम 400 सैटेलाइट खरीदेगी।
ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, रिलायंस इस नेटवर्क को पृथ्वी से कम ऊंचाई पर बनाएगी। इसके लिए कंपनी भारत की सैटेलाइट बनाने वाली कंपनियों और टेक कंपनियों से भी हाथ मिला सकती है।
कंपनी का टारगेट 2035 तक इस पूरे नेटवर्क को तैयार करना है। इसके जरिए जियो देश के उन दूर-दराज के इलाकों में भी तेज इंटरनेट पहुंचा सकेगा, जहां मोबाइल टावर लगाना मुश्किल है। यानी बिना मोबाइल टावर के भी लोग हाई-स्पीड इंटरनेट चला सकेंगे।
भारतीय कंपनियों को फंड देगी रिलायंस
रिलायंस ने भारत की सैटेलाइट बनाने वाली कंपनियों को जरूरी मशीनें और सुविधाएं जुटाने के लिए फंड देने की पेशकश की है।
कंपनी देश में ही सैटेलाइट बनाने का काम बढ़ाना चाहती है। इसके लिए वह भारतीय कंपनियों को पैसे देगी, ताकि वे ज्यादा सैटेलाइट बना सकें।
दरअसल, भारत में अभी हर साल 15 से भी कम सैटेलाइट बनते हैं, जबकि रिलायंस को अपने प्रोजेक्ट के लिए हर साल करीब 200 सैटेलाइट की जरूरत होगी।
चीन से सैटेलाइट नहीं खरीदेगी रिलायंस
रिलायंस भारत में सैटेलाइट बनाने के साथ विदेशों से भी इन्हें खरीदेगी। कंपनी अमेरिका की दो कंपनियों से कम से कम 400 सैटेलाइट खरीदने के लिए बातचीत कर रही है।
इसके अलावा, यूरोप की कंपनियों से भी सैटेलाइट खरीदने पर विचार किया जा रहा है। हालांकि, सुरक्षा कारणों से रिलायंस ने इस पूरे प्रोजेक्ट में चीन को शामिल नहीं करने का फैसला किया है।