सुकन्या में हर महीने ₹10,000 जमा पर ₹55.46 लाख मिलेंगे:15 साल तक निवेश करना होगा; सरकार दे रही 8.2% सालाना ब्याज

अगर आप बेटी की पढ़ाई और शादी के लिए एक बड़ा फंड जोड़ना चाहते हैं, तो सुकन्या समृद्धि योजना आपके काम आ सकती है। अभी सरकार इस पर 8.2% सालाना ब्याज दे रही है।

इस स्टोरी में हम आपको सीधे गणित से समझाएंगे कि हर महीने ₹1,000, ₹5,000 या ₹10,000 जमा करने पर 21 साल बाद आपको कितने लाख रुपए मिलेंगे। साथ ही, अकाउंट खोलने के नियम, बीच में पैसे निकालने की शर्तें और टैक्स छूट से जुड़ी हर जरूरी बात…

हर महीने की बचत पर 21 साल बाद कितना पैसा मिलेगा?

हर महीने निवेश 15 साल में कुल जमा 21 साल बाद अनुमानित फंड
₹250 ₹45,000 ₹1.39 लाख
₹1,000 ₹1.80 लाख ₹5.55 लाख
₹2,500 ₹4.50 लाख ₹13.87 लाख
₹5,000 ₹9 लाख ₹27.73 लाख
₹10,000 ₹18 लाख ₹55.46 लाख

नोट: ये आंकड़े सिर्फ एक अनुमान हैं। सरकार हर तीन महीने में ब्याज दरों की समीक्षा करती है, इसलिए 21 साल बाद मिलने वाली असली रकम कम या ज्यादा हो सकती है।

कब और क्यों शुरू हुई थी ये स्कीम?

प्रधानमंत्री मोदी ने ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान के तहत 22 जनवरी 2015 को सुकन्या समृद्धि योजना शुरू की थी। इसका मकसद माता-पिता को अपनी बेटियों के भविष्य के लिए बचत करने के लिए प्रेरित करना है। इसमें मूलधन और ब्याज की गारंटी सरकार देती है।

कौन और कहां खुलवा सकता है खाता?

भारतीय नागरिकता वाली किसी भी बेटी के जन्म से लेकर उसके 10 साल का होने तक माता-पिता या कानूनी अभिभावक यह खाता खुलवा सकते हैं। एक बेटी के नाम पर सिर्फ एक ही खाता खुलता है और एक परिवार में ज्यादा से ज्यादा दो बेटियों के खाते खोले जा सकते हैं।

यह खाता पोस्ट ऑफिस, सरकारी बैंक और चार प्राइवेट बैंकों HDFC, एक्सिस, ICICI और IDBI बैंक में खोला जा सकता है। देश में कहीं भी ट्रांसफर होने पर खाते को वहां शिफ्ट किया जा सकता है। बेटी के 18 साल के होने तक माता-पिता इस खाते को चलाते हैं, और 18 साल की उम्र पूरी होने पर जरूरी कागजात जमा कर बेटी खुद अपना खाता संभाल सकती है।

इसे शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *