India US Trade Deal पर पीयूष गोयल का बड़ा बयान, कहा- अमेरिका के साथ भारत का FTA सबसे बेहतरीन समझौता होगा

वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने गुरुवार को कहा कि अमेरिका के साथ भारत का व्यापार समझौता हर लिहाज से सबसे बेहतरीन समझौतों में से एक होगा। उन्होंने कहा कि इस समझौते के तहत भारत ने अमेरिका के साथ बहुत अच्छे नतीजे हासिल करने के लिए बातचीत की है।

भारत और अमेरिका ने फरवरी में द्विपक्षीय व्यापार समझौते के पहले चरण के लिए एक रूपरेखा (फ्रेमवर्क) को अंतिम रूप दिया था। हालांकि, अमेरिका में टैरिफ (शुल्क) ढांचे में बदलाव के कारण अब इस पर और बातचीत हो रही है।

गोयल ने कहा, भारत जैसे देश, जो समान उत्पाद बनाते हैं और विकास के लगभग एक जैसे स्तर पर हैं, उन्हें इस समझौते के बाद अमेरिका के बाजार में अपने उत्पादों के लिए सबसे बेहतर पहुंच (प्रेफर्ड मार्केट एक्सेस) मिलेगी।

जब उनसे इस समझौते की समयसीमा के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि अभी इस पर चर्चा चल रही है। अमेरिकी अधिकारियों के दौरे के बारे में उन्होंने बताया कि यह मुख्य रूप से सीमा शुल्क (कस्टम्स) अधिकारियों के साथ एक चर्चा थी।

व्यापार समझौतों का भारत के व्यापार पर क्या असर पड़ेगा, इस पर उन्होंने कहा, अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी, क्योंकि सभी समझौतों में सबसे बड़ा (यूरोपीय यूनियन के साथ समझौता) समझौता अभी लागू नहीं हुआ है।

अमेरिका के साथ होने वाला समझौता भी लागू होने में कुछ समय लेगा। उन्होंने यह भी बताया कि ग्वाटेमाला और इक्वाडोर ने भी भारत के साथ अलग-अलग व्यापार समझौतों पर चर्चा करने में काफी दिलचस्पी दिखाई है।

इसे शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *