मुंबई में गुरुवार सुबह एक बार फिर अमिताभ बच्चन के बंगला जलसा को बम से उड़ाने की धमकी मिली। एक अफसर के मुताबिक, ईमेल सुबह 10:52 बजे भेजा गया था। इसके सब्जेक्ट में PNB की मुंबई ब्रांच में दोपहर 1:11 बजे बम धमाका होने की बात लिखी थी।
ईमेल में 27 नवंबर और 31 दिसंबर समेत कई तारीखों का भी जिक्र किया गया। अफसर ने बताया कि ईमेल में मुंबई के कई बैंकों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई। जलसा को बम से उड़ानें की धमकी वाला 20 दिन में यह तीसरा ईमेल है।
ईमेल में खालिस्तान और कथित संगठन खालिस्तान नेशनल आर्मी का भी जिक्र किया गया। ईमेल भेजने के लिए reduak079@gmail.com अकाउंट का इस्तेमाल किया गया था।
यह ईमेल PNB के मुंबई जोनल ऑफिस, कफ परेड स्थित लोकल क्राइम ब्रांच (LCB) और दक्षिण मुंबई के जवेरी बाजार ब्रांच को भेजा गया था।
फिलहाल धमकी की विश्वसनीयता और ईमेल भेजने वाले की वास्तविक पहचान की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं।