ईपीएफओ प्रमुख और केंद्रीय भविष्य निधि आयुक्त रमेश कृष्णमूर्ति ने कहा है कि कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) अपने अंशधारकों को जल्दी ही पूरी तरह से बैंक जैसी सुविधा देने की तैयारी कर रहा है। इसमें बैंक की तरह ब्याज तुरंत मिलने के साथ खाते में यूपीआई, डेबिट कार्ड से पैसा जमा करने और निकालने की सुविधा होगी। उन्होंने यह भी कहा कि यूपीआई के जरिये पैसा निकालने की सुविधा के लिए जरूरी तकनीकी परीक्षण पूरे हो चुके हैं और शुरू में 25,000 रुपये की निकासी सुविधा के साथ यह योजना कभी भी लागू की जा सकती है।
उल्लेखनीय है कि ईपीएफओ ने सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए सुधारों के तहत इस महीने की शुरुआत में व्हाट्सऐप सेवा शुरू की है। व्हाट्सऐप के माध्यम से पीएफ जमा राशि, पासबुक देखने की सुविधा दी गई है।
1.25 करोड़ सदस्य कर रहे EPFO WhatsApp सर्विस का इस्तेमाल
अंशधारकों को मिलने वाली सेवाओं में सुधार के बारे में कृष्णमूर्ति ने पीटीआई से विशेष बातचीत में कहा, “हमारा लक्ष्य अंशधारकों को बैंक जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराना है। हमने अंशधारकों को उनके खाते तक आसान पहुंच के लिए एक नवंबर को व्हाट्सऐप सेवा शुरू की है। यह बताने में मुझे खुशी है कि तीन सप्ताह में ही करीब 1.25 करोड़ सदस्य इसका उपयोग करने लगे हैं।”
EPFO 3.0 में बैंक जैसी सुविधा
उन्होंने कहा, “हम कुछ ही दिनों में ईपीएफओ 3.0 परियोजना शुरू करने वाले हैं। उसमें कोर बैंकिंग जैसी सुविधा होगी। जैसे बैंक में आपका खाता रहता है तो आपको सुविधा रहती है कि चाहे तो आप यूपीआई के जरिये लेन-देन करें या फिर कभी भी पैसा निकाले और आपको ब्याज भी तुरंत मिलता रहता है। इसी तरह की बैंक जैसी सुविधाएं अंशधारकों को देने की हमारी कोशिश है। हमारा इस सुविधा को एक साल के भीतर शुरू करने का लक्ष्य है।”