विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (FPIs) ने नवंबर में भारतीय शेयर बाजार में रिकॉर्ड 1.54 लाख करोड़ रुपए का निवेश किया है। यह FPI का अब तक का सबसे बड़ा मंथली निवेश है।
यह तेजी AI से जुड़े शेयरों में ग्लोबल बिकवाली और घरेलू कंपनियों की मजबूत कमाई की वजह से आई है।
नवंबर में कैसे टूटा पुराना रिकॉर्ड
NSDL के आंकड़ों के मुताबिक, FPIs ने 2 से 27 नवंबर के बीच भारतीय इक्विटी में 1.54 लाख करोड़ रुपए का निवेश किया है।
महीने में अभी सिर्फ एक कारोबारी सेशन बाकी है और निवेश पहले ही नवंबर 2020 के 60,358 करोड़ रुपए के पुराने रिकॉर्ड को पार कर चुका है।
खास बात यह है कि इस महीने स्पेशल मुहूर्त ट्रेडिंग सेशन को छोड़कर FPIs हर कारोबारी दिन नेट खरीदार रहे।
2026 में निकासी से वापसी तक का सफर
इससे पहले विदेशी निवेशकों ने लगातार बिकवाली की थी। उन्होंने अक्टूबर में 34,843 करोड़ रुपए और सितंबर में 35,861 करोड़ रुपए निकाले थे। मार्च में FPIs ने घरेलू इक्विटी बाजार से 1.17 लाख करोड़ रुपए की भारी निकासी की थी।
ताजा निवेश के बाद 2026 में भारतीय शेयरों से कुल FPI आउटफ्लो यानी निकासी कुछ हफ्ते पहले के करीब 3 लाख करोड़ रुपए से घटकर लगभग 1.41 लाख करोड़ रुपए रह गई है।