पूर्व भारतीय ओपनर वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग ने अंडर-19 एशिया कप में नेपाल के खिलाफ 52 गेंदों पर नाबाद 70 रन बनाए। उन्होंने शुक्रवार को दौरान 7 चौके और 4 छक्के लगाए। उनकी बल्लेबाजी की बदौलत भारत ने 129 रन का टारगेट बिना कोई विकेट गंवाए सिर्फ 19.1 ओवर में हासिल कर लिया।
अल अमेरात में आर्यवीर ने कप्तान लक्ष्य रायचंदानी के साथ पहले विकेट के लिए 115 गेंदों पर 129 रन की नाबाद साझेदारी की। लक्ष्य ने भी 63 गेंदों पर 53 रन बनाए। उनकी पारी में 7 चौके शामिल रहे।
टॉस जीतकर भारत ने गेंदबाजी चुनी। कप्तान लक्ष्य रायचंदानी के मुताबिक, शुरुआत में पिच पर गेंद को मूवमेंट मिल रहा था। भारतीय गेंदबाजों ने इसका फायदा उठाते हुए सही लाइन और लेंथ पर गेंदबाजी की और नेपाल के बल्लेबाजों पर दबाव बनाए रखा।
नेपाल की टीम 42.3 ओवर में 128 रन पर ऑलआउट हो गई। दर्शन सोनार ने सबसे ज्यादा 43 रन बनाए। उन्होंने 93 गेंदों का सामना किया। विकेटकीपर बल्लेबाज आशिष लुहार ने 45 गेंदों पर 29 रन जोड़े।
भारत की ओर से ईशान सूद और अर्जुन राजपूत ने 3-3 विकेट लिए। यशवीर गौड़ को 2 सफलता मिली। काव्या पटेल और मनाल चौहान ने 1-1 विकेट हासिल किया।