दिल्ली हाईकोर्ट ने फिल्म ‘दूसरा’ के निर्माताओं को सौरव गांगुली के व्यक्तित्व और पब्लिसिटी अधिकारों के मामले में दो करोड़ रुपए की बिना शर्त बैंक गारंटी जमा करने का आदेश दिया है।
शुक्रवार को अदालत ने पहली नजर में माना कि फिल्म में गांगुली की पहचान और उनके क्रिकेट करियर से जुड़े पलों का इस्तेमाल उनके अधिकारों का उल्लंघन कर सकता है। कोर्ट ने निर्माताओं को फिल्म की शुरुआत और अंत में डिस्क्लेमर लगाने का निर्देश भी दिया है।
हालांकि, अदालत ने फिल्म की रिलीज पर रोक नहीं लगाई, क्योंकि यह 23 अक्टूबर को सिनेमाघरों में आ चुकी है। ऐसे में फिल्म की स्क्रीनिंग जारी रह सकेगी, लेकिन निर्माताओं को कोर्ट की तय शर्तें पूरी करनी होंगी।