भारतीय टीम ने गुरुवार को मोहाली के ओलंपियन बलबीर सिंह सीनियल इंटरनेशनल हॉकी स्टेडियम में हुए एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 के फाइनल में जापान को 4-1 से रौंद दिया। भारत ने इसी के साथ गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया। हरमनप्रीत सिंह की टीम पहले दो क्वार्टर में 0-1 से पिछड़ रही थी। इसके बाद तीसरे क्वार्टर में शिलानंद लाकड़ा ने गोल कर स्कोर को बराबरी पर ला दिया। वहीं आखिरी क्वार्टर में दिलप्रीत सिंह ने शानदार गोल कर भारत को पहली बार मैच में बढ़त दिलाई। फिर जुगराज सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर का फायदा उठाते हुए बेहतरीन ड्रैग फ्लिक के साथ गोल दागा, जबकि विवेक सागर प्रसाद ने डी में जोरदार शॉट लगाकर जापान के डिफेंस को भेद कर चौथा गोल किया और भारत की जीत सुनिश्चित कर दी। भारत ने रिकॉर्ड छठी बार एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब जीता है।