2018 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ हुए चर्चित बॉल टैंपरिंग विवाद को लेकर एक नया खुलासा हुआ है। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व उपकप्तान डेविड वॉर्नर शुरुआत में इस घटना की जिम्मेदारी लेने से बच रहे थे।
ऑस्ट्रेलियाई स्पोर्ट्स ब्रॉडकास्टर SEN की एक रिपोर्ट के मुताबिक, केपटाउन के टीम होटल में हुई बैठक के दौरान ऑलराउंडर मिचेल मार्श ने वॉर्नर को टोका था। उन्होंने कहा था कि कैमरन बैनक्रॉफ्ट को इस मामले में अकेले बलि का बकरा नहीं बनने दिया जाएगा।
होटल में हुई बैठक में मार्श ने वॉर्नर को घेरा
SEN के पत्रकार जेरार्ड व्हाइटली की सोमवार को प्रकाशित रिपोर्ट के मुताबिक, विवाद के बाद ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों की बैठक में वॉर्नर खुद को इस मामले से अलग रखने की कोशिश कर रहे थे। उस समय तक उनका नाम सीधे तौर पर सामने नहीं आया था।
रिपोर्ट में एक सूत्र के हवाले से बताया गया कि केपटाउन के टीम होटल में हुई बैठक के दौरान बैनक्रॉफ्ट पूरा दोष अपने सिर लेने को तैयार थे, जबकि स्टीव स्मिथ जिम्मेदारी बांटना चाहते थे। दूसरी ओर, वॉर्नर खुद को इस मामले से अलग दिखा रहे थे।
सूत्र के मुताबिक, मिचेल मार्श ने वॉर्नर से कहा, “तुम इससे बच नहीं सकते दोस्त, हम तुम्हारी गलती के लिए बैंगर्स (बैनक्रॉफ्ट) को बलि का बकरा नहीं बनने देंगे।”
इसके बाद वॉर्नर ने कथित तौर पर जवाब दिया, “मैं जिम्मेदारी लूंगा, लेकिन इसका पूरा बोझ अकेले नहीं उठाऊंगा।” रिपोर्ट के अनुसार, यह केपटाउन दौरे पर ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों की टीम के रूप में आखिरी बैठक थी।