भारत में इंस्टाग्राम पर राजनीतिक पोस्ट की पहुंच और उन पर लोगों की प्रतिक्रिया (लाइक, कमेंट, शेयर) में बड़ा बदलाव आया है। इसके चलते प्रधानमंत्री से लेकर बड़े केंद्रीय मंत्रियों और विपक्षी नेताओं के खातों पर लोगों की सक्रियता कम हो गई है।
हालांकि, दिलचस्प बात यह है कि मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस और सत्तारूढ़ भाजपा, दोनों के ही आधिकारिक खातों से जुड़ने वालो की संख्या बढ़ी है।
यह बदलाव ऐसे समय में हुआ है, जब इंस्टाग्राम की मूल कंपनी ‘मेटा’ ने भारत के लिए अपने ‘सुझाव देने वाले तंत्र’ में बदलाव किया है। कंपनी का कहना है कि अब वह एआई की मदद से अश्लील और हिंसक सामग्री की पहचान कर रही है। ऐसी सामग्री को लोगों को सुझाना सीमित किया जा रहा है।