नेतन्याहू से गठबंधन की बात क्यों कर रहे हैं आइजनकोट:सत्ता से हटाने के वादे पर चुनाव लड़ा था, अब हाथ मिलाने की नौबत आई

इजराइल में सरकार बनाने के लिए गादी आइजनकोट अब बेंजामिन नेतन्याहू से बातचीत कर रहे हैं। आइजनकोट ने चुनाव में नेतन्याहू को सत्ता से हटाने का वादा किया था। लेकिन चुनाव के बाद सरकार बनाने के लिए उन्हें उन्हीं की पार्टी लिकुड से बात करनी पड़ रही है।

दोनों की पार्टियों के बीच गठबंधन सरकार बनाने को लेकर कई दौर की बातचीत हो चुकी है। हालांकि, अभी तक कोई सहमति नहीं बनी है। इस बातचीत से आइजनकोट को सरकार बनाने के दूसरे रास्ते खुले रखने में मदद मिल रही है। लेकिन इसका फायदा नेतन्याहू को भी हो रहा है। वे फिर से इजराइल की राजनीति में एक अहम खिलाड़ी बनते दिख रहे हैं।

आइजनकोट की पार्टी याशार को इजराइल के राष्ट्रपति इसाक हर्जोग ने अगली सरकार बनाने का मौका दिया है। संसद के 67 सदस्यों ने उनके समर्थन में सिफारिश की थी। लेकिन इन 67 सांसदों का समर्थन किसी एक गठबंधन के रूप में नहीं है।

इन पार्टियों के बीच मतभेद हैं। इसी वजह से आइजनकोट को नेतन्याहू से बातचीत करनी पड़ रही है। हालांकि दोनों पक्षों के बीच प्रधानमंत्री कौन बनेगा और सरकार में किन पार्टियों को जगह मिलेगी, इस पर सहमति नहीं बन पाई है।

इसके साथ ही आइजनकोट उन अति-रूढ़िवादी यहूदी पार्टियों से भी बात कर रहे हैं, जो पहले नेतन्याहू की सरकार का हिस्सा थीं। इसके अलावा वे फिलिस्तीनी पार्टियों के समर्थन से अल्पमत सरकार बनाने का विकल्प भी खुला रखे हुए हैं।

इसे शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *