छह साल पहले शुरू हुई AI कंपनी एंथ्रोपिक के शेयर गुरुवार को अमेरिकी शेयर बाजार में लिस्ट हुए। कंपनी ने IPO के जरिए 81.3 अरब डॉलर यानी करीब 7 लाख करोड़ रुपए जुटाए। इसके साथ ही यह दुनिया का सबसे बड़ा IPO बन गया। एंथ्रोपिक ने इस मामले में स्पेसएक्स का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया।
कंपनी का शेयर 83 डॉलर के इश्यू प्राइस के मुकाबले 34% ऊपर 111.50 डॉलर पर लिस्ट हुआ। कारोबार खत्म होने पर शेयर 17% की बढ़त के साथ 97.17 डॉलर पर बंद हुआ।
एंथ्रोपिक के इस IPO के बाद 400 से ज्यादा कर्मचारियों की संपत्ति 100 मिलियन डॉलर यानी करीब 900 करोड़ रुपए के ऊपर पहुंच गई है। वहीं, Hill.com के अनुमान के मुताबिक, कंपनी के 2,800 कर्मचारी कम से कम 10 मिलियन डॉलर यानी करीब 93 करोड़ रुपए के मालिक बन गए हैं।
हालांकि, लॉक-अप पीरियड यानी शेयर बेचने की पाबंदी का समय होने की वजह से कुछ समय तक कर्मचारी ये शेयर नहीं बेच सकते हैं। कंपनी में करीब 5,000 कर्मचारी हैं।