EPFO का बड़ा तोहफा: रिटायरमेंट के बाद किस्तों में पीएफ निकासी होगी टैक्स-फ्री, बची रकम पर मिलता रहेगा ब्याज

ईपीएफओ प्रमुख और केंद्रीय भविष्य निधि आयुक्त रमेश कृष्णमूर्ति ने कहा कि रिटायरमेंट के बाद कर्मचारी भविष्य निधि (ईपीएफ) से किस्तों में निकाले जाने वाले पैसे पर कोई कर (टैक्स) नहीं लगेगा और बची हुई राशि पर वही ब्याज मिलेगा जो दूसरे अंशधारकों (पीएफ ग्राहक) को पीएफ पर सालाना मिलता है।
उन्होंने यह भी कहा कि नियमित किस्त निकासी योजना (एसडब्ल्यूपी) को लागू करने के लिए ईपीएफ से जुड़े प्रावधान में संशोधन करने के साथ आयकर कानून में जरूरी संशोधन करने होंगे। ईपीएफओ ने यह प्रस्ताव श्रम मंत्रालय को भेज दिया है। श्रम मंत्रालय आयकर कानून में संशोधन से जुड़े प्रस्ताव को लेकर वित्त मंत्रालय से बातचीत कर रहा है। उन्होंने उम्मीद जतायी कि प्रस्ताव बजट पारित होने के बाद एक अप्रैल से लागू हो जाएगा।

बदलावों को मंजूरी दी

ईपीएफओ ने पिछले सप्ताह कर्मचारी भविष्य निधि (पीएफ) निकासी के नियमों में व्यापक बदलावों को मंजूरी दी। इसके तहत सेवानिवृत्त होने वाले सदस्य अब अपनी पीएफ की जमा राशि नियमित किस्तों में निकाल सकेंगे। साथ ही, खाते में अनिवार्य न्यूनतम जमा राशि की सीमा 25 प्रतिशत से घटाकर 10 प्रतिशत और पूरी राशि निकालने के लिए प्रतीक्षा अवधि 12 महीने से घटाकर दो महीने कर दी गयी है।

केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मांडविया की अध्यक्षता में केंद्रीय न्यासी बोर्ड (सीबीटी) की इस महीने हुई 240वीं बैठक में लिए गए निर्णय के तहत प्रस्तावित नियमित किस्त निकासी योजना के अंतर्गत सेवानिवृत्त होने वाले सदस्य अपनी पूरी जमा राशि एकमुश्त निकालने के बजाय मासिक, तिमाही या छमाही किस्तों में प्राप्त कर सकेंगे।

इसे शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *