भारत की सरकारी तेल कंपनियां 2027 में अमेरिका से करीब 27.5 लाख मीट्रिक टन लिक्विफाइड पेट्रोलियम गैस (LPG) इंपोर्ट करेंगी। इसके लिए इंडियन ऑयल (IOC), भारत पेट्रोलियम (BPCL) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम (HPCL) ने एक जॉइंट टेंडर जारी किया था।
मार्केट से जुड़े जानकारों के मुताबिक, यह टेंडर चार ग्लोबल कंपनियों- सऊदी अरामको, शेवरॉन, टोटलएनर्जीज ट्रेडिंग एसए और विटोल को दिया गया है। इस कदम का मकसद मिडिल ईस्ट से होने वाली सप्लाई में कमी की भरपाई करना है।
US से हर महीने 5 बड़े जहाज भारत आएंगे
भारतीय सरकारी तेल कंपनियों ने यह टेंडर सितंबर में जारी किया था। इसके तहत अमेरिका से हर महीने 4 वेरी लार्ज गैस कैरियर (VLGC) कार्गो ‘डिलीवर्ड बेसिस’ पर और 1 कार्गो ‘फ्री-ऑन-बोर्ड’ (FOB) बेसिस पर मंगाए जाएंगे।
टेंडर के तहत 2027 में पूरे साल कंपनियों से इस तरह सप्लाई मिलेगी…
टोटलएनर्जीज: हर महीने डिलीवर्ड बेसिस पर 2 कार्गो मिलेंगे।
सऊदी अरामको: हर महीने डिलीवर्ड बेसिस पर 1 कार्गो की सप्लाई होगी।
शेवरॉन: हर महीने डिलीवर्ड बेसिस पर 1 कार्गो भारत आएगा।
विटोल: हर महीने 1 कार्गो ‘फ्री-ऑन-बोर्ड’ (FOB) बेसिस पर खरीदा जाएगा।
एक सामान्य VLGC जहाज में करीब 46,000 टन LPG आती है, जो प्रोपेन और ब्यूटेन का मिक्स होती है। आमतौर पर ये कंपनियां अंतरराष्ट्रीय व्यापार से जुड़े मामलों पर कोई ऑफिशियल बयान नहीं देती हैं।