हवाई सफर से होने वाले प्रदूषण को कम करने के लिए एअर इंडिया और विमान निर्माता कंपनी एयरबस ने हाथ मिलाया है। दोनों कंपनियां मिलकर देश का पहला स्वैच्छिक कॉरपोरेट सस्टेनेबल एविएशन फ्यूल (एसएएफ) कार्यक्रम तैयार करेंगी।
इसके तहत कंपनियां अपने कर्मचारियों की हवाई यात्राओं से होने वाले कार्बन उत्सर्जन को कम करने में मदद कर सकेंगी। इस पहल से देश में पर्यावरण के अनुकूल विमान ईंधन के इस्तेमाल को भी बढ़ावा मिलेगा।
एअर इंडिया और एयरबस के बीच हुआ समझौता
इस संबंध में एअर इंडिया और एयरबस के बीच एक समझौते पर हस्ताक्षर किए गए। इस मौके पर केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू किंजरापु मौजूद रहे। समझौते पर एयरबस इंडिया एवं साउथ एशिया के अध्यक्ष जुर्गेन वेस्टरमायर और एयर इंडिया के ग्रुप हेड पी. बालाजी ने हस्ताक्षर किए।