भारत के खिलाफ 19 नवंबर से शुरू होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए न्यूजीलैंड ने 14 सदस्यीय टीम घोषित की है। रचिन रवींद्र की टीम में वापसी हुई है, जबकि केन विलियमसन की गैरमौजूदगी में टॉम लाथम कप्तानी करेंगे।
न्यूजीलैंड क्रिकेट के मुताबिक, रचिन रवींद्र, डेवोन कॉन्वे और टॉम ब्लंडेल पहले टेस्ट के लिए उपलब्ध होने की कोशिश कर रहे हैं। रचिन सितंबर में प्रमोशनल शूट के दौरान दायां कंधा खिसकने के कारण भारत के खिलाफ टी-20 और वनडे सीरीज नहीं खेल सके। वहीं, कॉनवे कनकशन और ब्लंडेल क्वाड्रिसेप्स की चोट से उबर रहे हैं।
ब्लंडेल के पास 50वां टेस्ट खेलने का मौका
टॉम ब्लंडेल अगर भारत के खिलाफ दोनों टेस्ट मैच खेलते हैं तो वे न्यूजीलैंड के लिए 50 टेस्ट खेलने वाले विकेटकीपर बल्लेबाज बन जाएंगे। हालांकि, उनका पहले टेस्ट में खेलना फिटनेस पर निर्भर करेगा।
इंग्लैंड दौरे वाली टीम में एक बदलाव
न्यूजीलैंड की टीम काफी हद तक जून में इंग्लैंड को उसी के घर में 2-1 से हराने वाली टीम जैसी है। केन विलियमसन और तेज गेंदबाज विल ओ’रूर्के, बेन सीयर्स और जैक फाउल्क्स इस टीम का हिस्सा नहीं हैं। विल ओ’रूर्के का वर्कलोड मैनेज किया जा रहा है, जबकि सीयर्स टखने और फाउल्क्स हिप की चोट से उबर रहे हैं।
तेज गेंदबाज जैकब डफी टीम में नया नाम हैं। वे पितृत्व अवकाश के कारण इंग्लैंड दौरे पर नहीं गए थे।