टाटा ग्रुप की कंपनी टाइटन ने 2026-27 की दूसरी तिमाही के नतीजे आज 5 नवंबर को जारी कर दिए हैं। सितंबर तिमाही में कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट 54% बढ़कर 1,722 करोड़ रुपए रहा।
पिछले साल इसी तिमाही यानी Q2FY26 में कंपनी को 1,120 करोड़ रुपए का शुद्ध मुनाफा हुआ था। ज्वेलरी, प्रीमियम घड़ियों और आईवियर की मजबूत डिमांड की वजह से कंपनी का मुनाफा बढ़ा है।
इस साल 20% से ज्यादा चढ़ा टाइटन का शेयर
नतीजों से पहले आज टाइटम का शेयर करीब डेढ़ परसेंट चढ़कर 4834 रुपए पर बंद हुआ। इस साल ये करीब 20% चढ़ा है। वहीं एक साल में शेयर ने निवेशकों को 28% का मुनाफा दिया है।
कुल कमाई 25% बढ़कर ₹20,533 करोड़ रही
बुलियन बिक्री, डिजिटल गोल्ड और बिजनेस से बाहर से हुए एकतरफा मुनाफे को छोड़ दें, तो भी टाइटन की कुल कमाई 25% बढ़कर ₹20,533 करोड़ रही, जो पिछले साल इस दौरान ₹16,407 करोड़ थी।
मुख्य सेगमेंट की कमाई
- ज्वेलरी बिजनेस: हीरे के गहनों पर ऑफर्स की बदौलत कमाई 24% बढ़कर ₹17,495 करोड़ रही, जिसमें त्योहारों का सीजन आगे खिसकने के बावजूद ग्राहकों ने जमकर खरीदारी की।
- घड़ियों का बिजनेस: प्रीमियम एनालॉग घड़ियों की जबरदस्त मांग के दम पर कमाई 27% बढ़कर ₹1,881 करोड़ पहुंची, जो कंपनी का अब तक का सबसे बेहतरीन प्रदर्शन रहा।
- आईकेयर (चश्मे): बेहतर स्टोर नेटवर्क, नए डिजाइन्स और मल्टी-ब्रांड रणनीति के चलते चश्मों और लेंस के बिजनेस में 28% की मजबूत बढ़त के साथ ₹281 करोड़ की कमाई हुई।