यूपी: 80 लोकसभा सीटों पर 7 चरणों में होगा मतदान

नई दिल्ली:  प्रदेश में सात चरणों में होंगे लोकसभा के चुनाव। पहले चरण का मतदान 11 अप्रैल को होगा। 23 मई को मतगणना होगी। उत्‍तर प्रदेश जनसंख्‍या के आधार पर देश का सबसे बड़ा राज्‍य है। राज्‍य में कुल 80 लोकसभा सीटें हैं, जो देश में किसी एक राज्य में सबसे अधिक हैं। इसी वजह से देश की राजनीति, खासकर केंद्र की सरकार के लिहाज से यूपी अहम राज्‍य है।

ऐसे में आगामी लोकसभा चुनाव के लिहाज से राज्‍य की राजनीति पर पूरे देश की नजर है। प्रदेश में योगी आदित्‍यनाथ के नेतृत्‍व में  भाजपा की सरकार है। हालांकि मुलायम सिंह और उनके पुत्र अखिलेश यादव के नेतृत्‍व वाली समाजवादी पार्टी, मायावती की बहुजन समाज पार्टी, कांग्रेस और चौधरी अजीत सिंह की राष्‍ट्रीय लोकदल भी राज्‍य के महत्‍वपूर्ण राजनीतिक दल हैं।

पिछले चुनावों की बात करें तो साल 2014 में उत्तर प्रदेश की 80 लोकसभा सीटों पर बीजेपी ने 71 सीटों पर जीत हासिल की। इसी की बदौलत बीजेपी ने केंद्र में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाई और नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बने। इसके अखिलेश यादव की समाजवादी पार्टी ने यूपी में पांच सीटों पर जीत दर्ज की थी। वहीं बीजेपी की सहयोगी पार्टी अपना दल ने भी 2 सीटें जीतीं। वहीं कांग्रेस ने 2014 आम चुनाव में यूपी की सिर्फ दो सीटों पर ही अपना खाता खोल पाई थी। यूपी में खुद राहुल गांधी अमेठी से और सोनिया गांधी रायबरेली से ही जीत पाए थे। वहीं मायावती की बहुजन समाज पार्टी (बसपा) अपना खाता नहीं खोल पाई थी।

हालांकि इस बार उत्तर प्रदेश में राजनीतिक समीकरण कुछ अलग हैं। लोकसभा चुनाव 2019 के लिए सपा, बसपा और आरएलडी ने गठबंधन कर लिया है. सपा 37, बसपा 38 तो आरएलडी 3 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारेगी। वहीं कांग्रेस ने भी आधिकारिक रूप से प्रियंका गांधी को मैदान में उतार दिया है। प्रियंका को पूर्वी यूपी तो ज्योतिरादित्य सिंधिया को पश्चिमी यूपी की जिम्मेदारी दे दी है। वहीं बीजेपी को सत्ता में होने का फायदा तो मिलेगा ही लेकिन उसे एंटी इनकंबेंसी से भी निपटना होगा।

आगामी लोकसभा चुनाव से पहले यूपी की लोकसभा सीटों के आंकड़े 

राज्य में सत्ताधारी दल / गठबंधन: एनडीए जिसमें भाजपा के साथ अपना दल शामिल हैं।

राज्य में लोकसभा सीटों की संख्या: 80

लोकसभा सीटों पर पार्टी के लिहाज से कब्जा : बीजेपी-71, कांग्रेस -2, सपा-5, अपना दल-2

राज्य में मतदाताओं की संख्या: 13,88,10,557

2014 में मतदान: 58%

कद्दावर नेता: योगी आदित्यनाथ (भाजपा), अखिलेश यादव, मुलायम सिंह(सपा), मायावती (बीएसपी), राहुल गांधी, सोनिया गांधी(कांग्रेस), चौधरी अजीत सिंह, जयंत चौधरी (राष्‍ट्रीय लोकदल)

 

मुख्य मुद्दे: सुशासन, विकास, कानून और व्यवस्था, महिला सशक्तीकरण और घरेलू विद्युतीकरण

 

इसे शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *