नई दिल्ली: 2019 आम चुनाव की घोषणा का इंतजार खत्म हो चुका है। मुख्य चुनाव आयुक्त ने चुनाव की तारीखों की घोषणा कर दी है। मुख्य चुनाव आयुक्तसुनील अरोड़ा ने प्रेस कांफ्रेंस में घोषणा की कि आम चुनाव 2019 सात चरणों में होंगे और पहले चरण की वोटिंग 11 अप्रैल को होगी। वहीं 7 चरणों के चुनाव के बाद वोटों की गिनती 23 मई को की जाएगी। यह भी कहा गया कि इस घोषणा के साथ ही देश में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। मौजूदा लोकसभा का कार्यकाल तीन जून को खत्म होना है, इसलिए तीन जून तक नई लोकसभा का गठन हो जाएगा।
घोषणा के मुताबिक चुनाव के 7 चरण इस तरह हैं-
- पहला चरण 11 अप्रैल
- दूसरा चरण 18 अप्रैल
- तीसरा चरण 23 अप्रैल
- चौथा चरण 29 अप्रैल
- पांचवां चरण 6 मई
- छठां चरण 12 मई
- सातवां चरण 19 मई
मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने प्रेस कॉंफ्रेस में कहा कि इस बार लोकसभा चुनाव में कुल 90 करोड़ वोटर होंगे। इनमें 8.4 करोड़ नए मतदाता शामिल हैं। कुल वोटर में से 99.3 के पास वोटर आईडी है। 1.5 करोड़ वोटर 18-19 साल की उम्र के हैं। लोकसभा चुनाव के लिए आज से देशभर में आचार संहिता लागू हो गई है।
प्रेस कांफ्रेंस के दैरान चीफ इलेक्शन कमिश्नर सुनील अरोड़ा ने बताया कि अगर प्रत्याशी अगर फॉर्म 26 में सभी जानकारियां नहीं भरता तो उसका नामांकन रद्द हो जाएगा। साथ ही बिना पैनकार्ड वाले उम्मीदवारों का नामांकन रद्द होगा। इस बार चुनाव में सोशल मीडिया एक्सपर्ट मीडिया सर्टिफिकेशन और मॉनिटरिंग कमेटी का हिस्सा होंगे। प्रत्याशियों को सोशल मीडिया अकाउंट और उसपर होने वाले प्रचार में खर्च राशि की जानकारी देनी होगी। चुनावी खर्च में सोशल मीडिया पर होने वाली राशि को भी जोड़ा जाएगा। वोटरों को नाम को लेकर भ्रम न हो इसलिए इस बार ईवीएम में प्रत्याशियों की फोटो भी दिखेगी।
इस दौरान चुनाव आयुक्त ने बताया, पिछली बार 9 लाख मतदान केंद्र थे, इस बार 10 लाख पोलिंग बूथ होंगे। लोकसभा चुनाव के लिए हेल्पलाइन नंबर-1950 होगा। सभी चुनाव अधिकारियों की गाड़ी में जीपीएस होगा। मोबाइल पर ऐप के जरिए भी आयोग को आचार संहिता के उल्लंघन की जानकारी दी जा सकती है और 100 मिनट के भीतर हमारे अधिकारी को इस पर एक्शन लेना ही होगा। शिकायतकर्ता की निजता का ख्याल रखा जाएगा