पाकिस्तानी एक्टर फवाद खान और माहिरा खान की अपकमिंग नेटफ्लिक्स सीरीज ‘जो बचे हैं संग समेट लो’ भारत में रिलीज नहीं होगी।
सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय द्वारा 2025 की एडवाइजरी की याद दिलाने और फिल्म संगठनों के कड़े विरोध के बीच नेटफ्लिक्स ने यह फैसला लिया है।
इंडिया टुडे के मुताबिक, यह सीरीज भारतीय सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध नहीं होगी और प्लेटफॉर्म की आगामी सूची से भी इसे हटा दिया गया है।
ट्रेलर के बाद हुआ विवाद, पीएम से हस्तक्षेप की मांग
24 नवंबर को सीरीज का ट्रेलर सामने आने के बाद भारत में इसके प्रसारण को लेकर विरोध शुरू हो गया था। ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) और फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (FWICE) दोनों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से हस्तक्षेप कर सीरीज को भारत में स्ट्रीम होने से रोकने की मांग की थी।
AICWA ने शो में पाकिस्तानी कलाकारों की मौजूदगी पर भी आपत्ति जताते हुए भारत और भारतीय सशस्त्र बलों के खिलाफ पिछली टिप्पणियों का हवाला दिया था।
2025 की एडवाइजरी की याद दिलाई गई
यह विवाद 8 मई 2025 को पहलगाम आतंकी हमले और उसके बाद भारत-पाकिस्तान के बीच सैन्य तनाव के मद्देनजर जारी सरकारी एडवाइजरी से जुड़ा है।
इसमें सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने राष्ट्रीय सुरक्षा का हवाला देते हुए ओटीटी प्लेटफॉर्म और डिजिटल माध्यमों से पाकिस्तानी मूल की वेब सीरीज, फिल्मों, गानों, पॉडकास्ट व अन्य कंटेंट को बंद करने को कहा था।