पंचतत्व में विलीन हुईं स्वर कोकिला लता मंगेशकर, भाई ने दी मुखाग्नि

स्वर कोकिला लता मंगेशकर पंचतत्व में विलीन हो गईं है। मुंबई के शिवाजी पार्क में उन्हें आज अंतिम विदाई दी गई। उनके भाई ने उन्हें मुखाग्नि दी। लता मंगेशकर का रविवार को 92 साल की उम्र में निधन हो गया था।

लता मंगेशकर के अंतिम दर्शन के लिए बॉलीवुड से लेकर आम जनता तक की भारी भीड़ शिवाजी पार्क में उमड़ पड़ी थी। खुद पीएम मोदी भी शिवाजी पार्क पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। लता मंगेशकर को अंतिम विदाई देने के लिए बॉलीवुड की कई हस्तियां मुंबई के दादर स्थित शिवाजी पार्क पहुंची।

कोरोना और निमोनिया से संक्रमित होने के बाद लता मंगेशकर को बीती 8 जनवरी को ब्रीच कैंडी अस्पताल में एडमिट किया गया था। हॉस्पिटल में डॉक्टर्स की एक टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही थी। सभी डॉक्टर्स 24 घंटे उनकी देखरेख कर रहे थे। इसके साथ ही दुआओं का सिलसिला भी जारी रहा था। हालांकि काफी कोशिशों के बाद भी डॉक्टर उन्हें बचा नहीं पाए और रविवार सुबह उनका निधन हो गया।

लता मंगेशकर के निधन की खबर के बॉलीवुड में शोक की लहर दौड़ गई। तमाम फैंस और सेलेब्स उन्हें श्रद्धांजलि देने लगे। भारत की स्वर कोकिला के रूप में जानी जाने वालीं लता मंगेशकर को भारत का सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न मिल चुका है। उन्हें पद्म भूषण, पद्म विभूषण, दादा साहब फाल्के पुरस्कार और कई राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों से भी सम्मानित किया जा चुका है। उन्होंने अलग-अलग भाषाओं में 30,000 से अधिक गाने गाए हैं। 1942 में 13 साल की उम्र में उन्होंने अपने करियर की शुरुआत की।

लता मंगेशकर के निधन की खबर सुनते ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट के जरिए शोक प्रकट किया और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है। उन्होंने लिखा, ‘मैं अपने दुख को शब्दों में बयान नहीं कर सकता। बेहद दयालु और केयरिंग लता दीदी हमें छोड़कर चली गई हैं।

वह हमारे देश में एक खालीपन छोड़ गई है जिसे भरा नहीं जा सकता। आने वाली पीढ़ियां उन्हें भारतीय संस्कृति के एक दिग्गज के रूप में याद रखेंगी, जिनकी सुरीली आवाज में लोगों को मंत्रमुग्ध करने की अद्वितीय क्षमता थी।’

इसे शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *