नई दिल्ली, १६ फरवरी। दिल्ली पुलिस ने गुरुवार को अपना 76 वां स्थापना दिवस मनाया। कार्यक्रम में केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम में सबसे पहले गृह मंत्री अमित शाह ने परेड की सलामी ली। बीते सालों में दिल्ली पुलिस के शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजलि देते हुए गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान दिल्ली पुलिस के अधिकारियों और जवानों ने जिम्मेदारी से अपनी ड्यूटी को निभाया है। इसके अलावा उन्होंने पासपोर्ट सत्यापन और दिल्ली में फॉरेंसिक कार्यों पर तेजी से काम करते हुए योजनाओं को लॉन्च किया।
केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अपने संबोधन में आगे कहा कि आजादी से पहले पुलिस के काम में सेवा का सूत्र नहीं था। पहले पुलिस आंतरिक कानून-व्यवस्था खासकर अंग्रेजी शासन के हितों की रक्षा करती थी, लेकिन आजादी के बाद पुलिस ने खुद को बदला और शांति सेवा व न्याय को लेकर काम में परिवर्तन लेकर आई। उन्होंने कहा कि अभी कुछ समय पहले देश और विश्व ने सदी की सबसे बड़ी महामारी देखी। उस दौरान दिल्ली पुलिस का भी मानवीय चेहरा सामने आया। उन्होंने एक-एक व्यक्ति की सेवा कर छवि को बदल दिया और दिल्ली पुलिस की विश्वभर में तारीफ हुई। कार्यक्रम में दिल्ली पुलिस के कई पूर्व पुलिस आयुक्त, केंद्रीय गृह सचिव, दिल्ली पुलिस के आला अधिकारी के साथ साथ दिल्ली पुलिसकर्मियों के परिजन शामिल हुए।