न्यूजीलैंड दौरे पर गई भारतीय टीम वेलिंगटन टेस्ट में 4 तेज गेंदबाजों के साथ उतरेगी। कप्तान शुभमन गिल ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
गिल ने ऋषभ पंत के खेलने की भी पुष्टि की। उन्होंने कहा- टीम मैनेजमेंट के सामने पंत को लेकर कोई दुविधा नहीं है।
इस मुकाबले से जसप्रीत बुमराह करीब एक साल बाद टेस्ट क्रिकेट में वापसी करेंगे। बुमराह ने पिछला टेस्ट 22 नवंबर 2025 को साउथ अफ्रीका के खिलाफ गुवाहाटी में खेला था।
गिल ने बताया कि टीम 7 बल्लेबाजों के साथ उतरेगी। नंबर 8 और 9 पर अंशुल कंबोज और आकाश दीप बल्लेबाजी में योगदान दे सकते हैं। नीतीश कुमार रेड्डी भी बल्लेबाजी का विकल्प हैं।
गिल ने कहा कि सभी तेज गेंदबाजों ने वनडे में अच्छा प्रदर्शन किया है। ऐसे में प्लेइंग-11 के लिए चार गेंदबाजों का चयन करना आसान नहीं होगा। टीम अभी अंतिम कॉम्बिनेशन तय कर रही है।
गिल ने प्लेइंग-11 में स्पिनरों की संख्या को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी। ऐसे में रवींद्र जडेजा या वॉशिंगटन सुंदर जैसे स्पिन गेंदबाजी ऑलराउंडर को मौका मिल सकता है।