शेयर बाजार में 16 नवंबर से शुरू होने वाले हफ्ते में गिरावट दिख सकती है। थोक महंगाई के आंकड़े, विदेशी निवेशकों की खरीद-बिक्री जैसे फैक्टर्स बाजार की चाल तय करेंगे।
चलिए समझते हैं कि इस हफ्ते बाजार में क्या हो सकता है…
वेल्थव्यू एनालिटिक्स के डायरेक्टर हर्षुभ शाह के मुताबिक आने वाले हफ्ते में बाजार में मंदी हावी रह सकती है और निफ्टी में नीचे की ओर मूवमेंट देखने को मिल सकता है।
शाह के मुताबिक मंगलवार, 17 नवंबर का सेशन काफी अहम रहेगा। अगर निफ्टी मंगलवार के हाई को मजबूती से तोड़कर ऊपर निकलता है, तो बाजार में तेजी लौट सकती है।
वहीं, अगर यह मंगलवार के लो से नीचे फिसलता है, तो बिकवाली का दबाव बढ़ सकता है। ट्रेडर्स को कोई भी बड़ा फैसला लेने से पहले इन लेवल्स के टूटने का इंतजार करना चाहिए।
निफ्टी के सपोर्ट और रेजिस्टेंस लेवेल्स
सपोर्ट जोन: 25,100 | 25,054 | 25,000 | 24,800
सपोर्ट यानी, वह स्तर जहां शेयर या इंडेक्स को नीचे गिरने से सहारा मिलता है। यहां खरीदारी बढ़ने से कीमत आसानी से नीचे नहीं जाती। इन स्तरों पर खरीदारी का मौका मिल सकता है।
रेजिस्टेंस जोन: 25,200 | 25,246 | 25,300
रेजिस्टेंस वह स्तर है जहां शेयर या इंडेक्स को ऊपर जाने में रुकावट आती है। ऐसा बिकवाली बढ़ने से होता है। अगर निफ्टी रजिस्टेंस जोन पार करता है, तो तेजी आ सकती है।
अब 5 फैक्टर्स जो बाजार की दिशा तय कर सकते हैं…
1. विदेशी निवेशकों (FII) की लगातार खरीदारी
FII भारतीय बाजार में लगातार खरीदारी कर रहे हैं। शुक्रवार को लगातार 10वें कारोबारी सत्र में FII नेट बायर रहे। अक्टूबर के अंत से शुरू हुए इस खरीदारी के दौर में विदेशी निवेशकों ने अब तक करीब 89,515 करोड़ रुपए भारतीय बाजार में लगाए हैं।
यह वापसी इसलिए भी अहम है क्योंकि 2026 के शुरुआती 10 महीनों में FII ने रिकॉर्ड 2.95 लाख करोड़ रुपए के शेयर बेचे थे, जिससे बाजार में भारी दबाव था। अगले हफ्ते भी उनकी खरीदारी जारी रहती है या नहीं, इस पर बाजार की नजर रहेगी।
2. मिडिल ईस्ट का तनाव और कच्चे तेल की कीमतें
पिछले हफ्ते अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा था कि ईरान के साथ युद्ध ‘प्रभावी रूप से खत्म’ हो गया है, जिससे कच्चा तेल थोड़ा सस्ता हुआ था। लेकिन सऊदी अरब के एनर्जी इंफ्रास्ट्रक्चर पर नए हमलों और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से जहाजों की आवाजाही प्रभावित होने से तेल की कीमतों में फिर उछाल आ गया है। फिलहाल ब्रेंट क्रूड 96 डॉलर प्रति बैरल के आसपास है।
भारत अपनी जरूरत का 85% तेल आयात करता है। तेल महंगा होने से भारत का आयात बिल बढ़ सकता है। ये बाजार के लिए चिंता की बात है।
3. महंगाई के आंकड़ों पर रहेगी निवेशकों की नजर
अक्टूबर महीने की थोक महंगाई के आंकड़े 16 नवंबर को जारी होंगे। इससे पहले 12 नवंबर को जारी खुदरा महंगाई दर अक्टूबर में बढ़कर 6.09% पर पहुंच गई, जो सितंबर में 5.54% थी।
यह लगातार 12वां महीना है जब महंगाई बढ़ी है। अक्टूबर का आंकड़ा RBI यानी रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया के 2% से 6% के तय दायरे के बाहर निकल गया है।
अर्थशास्त्रियों का मानना है कि महंगाई कंट्रोल करने के लिए दिसंबर में RBI ब्याज दरों को 0.25% बढ़ा सकता है। इसलिए बाजार में इन संभावनाओं को ध्यान में रखकर कारोबार होगा।