आयरलैंड की पुरुष क्रिकेट टीम जनवरी 2027 में पहली बार पाकिस्तान का दौरा करेगी। इस दौरान दोनों टीमों के बीच 20 से 24 जनवरी तक 3 वनडे मैचों की सीरीज खेली जाएगी।
मुख्य सीरीज से पहले आयरलैंड की टीम 13 से 17 जनवरी के बीच पाकिस्तान शाहीन्स के खिलाफ 3 अभ्यास मैच भी खेलेगी। दौरे के सभी 6 मुकाबले लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में दिन के समय होंगे।
दोनों बोर्ड ने वनडे सीरीज पर सहमति जताई
शुरुआत में इस दौरे पर मल्टी-फॉर्मेट सीरीज खेलने की योजना थी, लेकिन बाद में दोनों क्रिकेट बोर्ड ने सिर्फ 50 ओवर के मैच कराने पर सहमति जताई। क्रिकेट आयरलैंड के हाई परफॉर्मेंस डायरेक्टर ग्रीम वेस्ट ने कहा कि वनडे फॉर्मेट दोनों टीमों की आगामी वर्ल्ड कप तैयारियों के लिहाज से ज्यादा उपयोगी होगा।
उन्होंने कहा, “हमने शुरुआत में मल्टी-फॉर्मेट सीरीज की योजना बनाई थी, लेकिन दोनों बोर्ड इस बात पर सहमत हुए कि 50 ओवर का क्रिकेट खेलने से टीमों को सबसे ज्यादा फायदा होगा। हमें आगामी वर्ल्ड कप क्वालिफायर में हिस्सा लेना है, जबकि पाकिस्तान 2027 के अंत में होने वाले मुख्य वर्ल्ड कप की तैयारी कर रहा है।”
वेस्ट ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड और उसके खिलाड़ियों के साथ आयरलैंड के करीबी संबंध रहे हैं। टीम इस ऐतिहासिक दौरे का इंतजार कर रही है और उम्मीद है कि आने वाले वर्षों में ऐसे और दौरे होंगे।