ऋषभ पंत जब बल्लेबाजी करने उतरते हैं तो दर्शकों को हर गेंद पर कुछ अलग होने की उम्मीद रहती है। कभी वे तेज गेंदबाज की गेंद पर रिवर्स स्वीप खेलने की कोशिश करते हैं, तो कभी उछाल लेती गेंद को स्कूप करने के लिए शरीर का संतुलन तक बिगाड़ देते हैं। उनका एक और पसंदीदा तरीका है- तेज गेंदबाज के गेंद फेंकने से पहले ही क्रीज से बाहर निकलकर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश करना।
न्यूजीलैंड के खिलाफ क्राइस्टचर्च टेस्ट की पहली पारी में भी पंत ने यही किया। शनिवार को क्रीज पर आने के बाद उन्होंने पहली ही गेंद पर आगे बढ़कर शॉट लगाने की कोशिश की, लेकिन गेंद बल्ले से नहीं लगी। बाद में इसी तरीके को आजमाते हुए वे जैकब डफी की गेंद पर आउट हो गए। पंत ने 39 गेंदों पर 23 रन बनाए।
सवाल है कि क्या पंत का यह तरीका गैर-जिम्मेदाराना है या फिर यह उनकी बल्लेबाजी की ऐसी रणनीति है, जिससे वे मुश्किल परिस्थितियों में भी तेजी से रन बनाने की कोशिश करते हैं? उनके आंकड़े बताते हैं कि इस तरीके में जोखिम भी है और बड़ा फायदा भी।