सोनिया गांधी की नागरिकता विवाद को लेकर दिल्ली पुलिस ने शनिवार को दिल्ली के राउज एवेन्यू कोर्ट में स्टेटस रिपोर्ट दाखिल की।
पुलिस ने बताया कि 1980 में सोनिया गांधी भारतीय नागरिक नहीं थीं, इसके बावजूद उनका नाम मतदाता सूची में दर्ज था। उन्हें 1983 में भारतीय नागरिकता मिली थी।
पुलिस के मुताबिक, इन तथ्यों की पुष्टि जिला मजिस्ट्रेट और गृह मंत्रालय से की गई है।
अदालत ने पुलिस को जांच पूरी करने के लिए समय दिया है। मामले की अगली सुनवाई 14 दिसंबर को होगी। कोर्ट ने तुगलक रोड थाने के एसएचओ को भी तलब किया है।
दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने सितंबर में सोनिया गांधी के खिलाफ वोटर्स केस में मजिस्ट्रेट कोर्ट का एक साल पुराना फैसला पलट दिया था। दरअसल 11 सितंबर 2025 को मजिस्ट्रेट ने सोनिया के खिलाफ धोखाधड़ी और जालसाजी के चलते FIR दर्ज करने की मांग को खारिज कर दिया था।
याचिका एडवोकेट विकास त्रिपाठी ने दाखिल की थी। आरोप है कि सोनिया गांधी का नाम 1980 में नई दिल्ली संसदीय क्षेत्र की मतदाता सूची में शामिल किया गया था, जबकि उन्होंने 1983 में भारतीय नागरिकता हासिल की थी।
शिकायत में कहा गया कि उनका नाम 1982 में मतदाता सूची से हटा दिया गया था और 1983 में दोबारा शामिल किया गया। आरोप था कि यह दोबारा दर्ज किया जाना भी 30 अप्रैल 1983 को नागरिकता हासिल करने से पहले हुआ था।