जम्मू-कश्मीर में नेशनल कॉन्फ्रेंस ने 25 विधायकों की ज्यादातर मांगें मानने से इनकार कर दिया है। शुक्रवार को श्रीनगर में पार्टी अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला के घर हुई बैठक में मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला भी मौजूद थे।
विधायकों ने डिप्टी CM सुरिंदर चौधरी को पद से हटाने या उनसे सड़क एवं भवन निर्माण विभाग वापस लेने की मांग की थी। सूत्रों के मुताबिक, डिप्टी CM से R&B विभाग वापस लिए जाने की संभावना है। हालांकि, उन्हें पद से हटाने पर सहमति नहीं बनी है।
पार्टी नेतृत्व ने कैबिनेट में फेरबदल और मुख्यमंत्री के सलाहकार नासिर सोगमी को हटाने की मांग भी खारिज कर दी है। बैठक के बाद फारूक अब्दुल्ला ने कहा कि नेशनल कॉन्फ्रेंस कभी नहीं टूटेगी।
नाराज विधायकों ने 30 अक्टूबर से 5 नवंबर के बीच 5 सीक्रेट बैठकें की थीं। इस दौरान विधायकों ने मांगों और पार्टी से बातचीत की रणनीति बनाई। देश में 5 साल में 3 बड़ी क्षेत्रीय पार्टियों में टूट हो चुकी है।