प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प की मंगलवार को फिलीपींस में मुलाकात हुई। दोनों लीडर राजधानी मनीला में हो रही क्वाड मीटिंग में शामिल हुए। ट्रम्प ने मोदी की तारीफ की और कहा कि वे टफ इंसान हैं।
क्वाड बैठक में प्रधानमंत्री मोदी, डोनाल्ड ट्रम्प, जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज शामिल हुए हैं।
ट्रम्प ने बैठक के दौरान ईरान पर बयान दिया। उन्होंने कहा कि ईरान पागल देश है। इसी वजह से उसे परमाणु हथियार हासिल नहीं करने दिया जा सकता।
रेयर अर्थ पर क्वाड देशों के बीच समझौता हुआ
क्वाड देशों के बीच रेयर अर्थ समेत जरूरी खनिजों की सप्लाई बनाए रखने के लिए समझौता हुआ है। इसके तहत चारों देश इन खनिजों को जमीन से निकालने, साफ करने और दोबारा इस्तेमाल करने में एक-दूसरे की मदद करेंगे।
इसके लिए नए प्रोजेक्ट्स में पैसा लगाया जाएगा और तकनीक भी साझा की जाएगी। इस समझौते का मकसद चीन पर निर्भरता कम करना है, ताकि अगर चीन इन खनिजों की सप्लाई रोकता है तो दूसरे देशों के उद्योगों पर इसका असर न पड़े।
ट्रम्प ने कहा है कि अमेरिका में रेयर अर्थ का उत्पादन तेजी से बढ़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि अमेरिका अगले 10 महीनों में इस मामले में चीन की बराबरी कर लेगा।