तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह, गुरनूर बरार और आकिब नबी को न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम से जुड़ने को कहा गया है। बैटिंग कोच सितांशु कोटक ने शनिवार को तीसरे वनडे से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान इसकी पुष्टि की। तीसरा वनडे मंगलवार को हैमिल्टन में खेला जाएगा।
अर्शदीप, गुरनूर और नबी वनडे टीम का हिस्सा हैं। पहले के प्लान के मुताबिक तीनों को वनडे सीरीज के बाद स्वदेश लौटना था। अब वे भारतीय टेस्ट खिलाड़ियों के कैंप में शामिल रहेंगे।
कोटक ने कहा कि मौजूदा वनडे सीरीज में गेंदबाजों को सीम और स्विंग मिली है। पिच पर घास और गेंद के व्यवहार से खिलाड़ियों को आगामी टेस्ट मैचों की परिस्थितियों का अंदाजा लग गया है। इससे हमें टेस्ट सीरीज की तैयारी में भी मदद मिली है।