अमूल ने घी-बटर महंगा किया:1 किलो घी ₹50 बढ़कर ₹680 का हुआ, 100 ग्राम बटर ₹66 का; नकली घी पर कार्रवाई के बाद मांग बढ़ी

अमूल ने घी और बटर 3 से 50 रुपए तक महंगा कर दिया है। एक किलो घी का कार्टन 630 से बढ़कर 680 रुपए का हो गया है। बटर के 100 ग्राम पैक की कीमत 63 से बढ़कर 66 रुपए हो गई है।

इकोनॉमिक टाइम्स के मुताबिक, दाम बढ़ने की वजह गुजरात-राजस्थान में नकली घी के खिलाफ कार्रवाई के बाद ब्रांडेड घी की बढ़ी मांग है। इससे सितंबर 2025 की GST कटौती का फायदा भी काफी कम हो गया है।

GST घटने के बाद अमूल ने 700 प्रोडक्ट्स सस्ते किए थे

सितंबर 2025 में GST की दर घटने के बाद अमूल ने 700 डेयरी प्रोडक्ट्स के दाम कम किए थे। डेयरी प्रोडक्ट्स पर GST 12% से घटाकर 5% किया गया था।

उस समय एक लीटर घी के कार्टन की कीमत ₹650 से घटकर ₹610 हो गई थी। पांच लीटर का टिन ₹3,275 से घटकर ₹3,075 हो गया था। बटर के 100 ग्राम पैक की कीमत ₹62 से घटकर ₹58 हो गई थी। 500 ग्राम पैक ₹305 से घटकर ₹285 का हुआ था।

गुजरात में अमूल काउ घी की कमी

दाम बढ़ने के साथ लोगों को अमूल के कुछ डेयरी प्रोडक्ट्स मिलने में भी दिक्कत हो रही है। वडोदरा और अहमदाबाद के दुकानदारों ने बताया कि घी का स्टॉक कम चल रहा है। गणेश उत्सव के बाद मांग बढ़ने से काउ घी की उपलब्धता प्रभावित हुई है।

मंगलवार को अहमदाबाद के सैटेलाइट इलाके के एक डी-मार्ट आउटलेट में अमूल घी और बटर का स्टॉक नहीं था। यह दिक्कत सिर्फ गुजरात तक सीमित नहीं है। जुलाई और सितंबर में पुणे और कोलकाता में भी सप्लाई रुकने की शिकायतें सामने आई थीं।

इसे शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *