बॉलीवुड एक्टर रणबीर कपूर जल्द ही कैमरे के पीछे नजर आ सकते हैं। उन्होंने बताया कि वह अगले 2 से 3 साल में अपनी पहली फिल्म डायरेक्ट करना चाहते हैं। इसके लिए कुछ महीने पहले ही स्क्रिप्ट लिखना शुरू कर दिया है।
रणबीर ने कहा कि बतौर एक्टर यह उनका आखिरी दशक हो सकता है। इसका मतलब यह नहीं कि वह तुरंत एक्टिंग छोड़ेंगे। वह धीरे-धीरे निर्देशन की तरफ बढ़ना चाहते हैं। फिलहाल उनकी प्राथमिकता आने वाली फिल्मों की शूटिंग पूरी करना है।
रणबीर ने ये बातें फिल्म ‘रामायण’ की को-स्टार साई पल्लवी के साथ बीबीसी एशियन नेटवर्क को दिए इंटरव्यू में कहीं।
स्क्रिप्ट लिखना आसान नहीं, राइटर्स के लिए बढ़ी इज्जत
रणबीर ने बताया कि उन्होंने कुछ महीने पहले अपनी पहली फिल्म की स्क्रिप्ट लिखना शुरू किया। इस दौरान उन्हें महसूस हुआ कि कहानी लिखना आसान नहीं है।
उन्होंने कहा, ‘मैंने कुछ महीने पहले ही स्क्रिप्ट लिखना शुरू किया है और यह बहुत मुश्किल काम है। मेरे मन में राइटर्स और क्रिएटर्स के लिए बहुत सम्मान है। मैं सोचता हूं कि आखिर वे कहानियां कैसे बनाते हैं।’
रणबीर के मुताबिक, डायरेक्टर को फिल्म बनाने के दौरान खास क्रिएटिव संतुष्टि मिलती है। उसे कहानी कहने और कई लोगों को साथ लाकर पर्दे पर उतारने का मौका मिलता है।
खुद की फिल्म में एक्टिंग नहीं करना चाहते रणबीर
रणबीर ने साफ किया कि वह अपनी पहली फिल्म डायरेक्ट करते समय एक्टिंग नहीं करना चाहते। उनका पूरा ध्यान निर्देशन पर रहेगा।
उन्होंने कहा कि एक्टर और डायरेक्टर की जिम्मेदारियां अलग होती हैं। एक्टर अपना शॉट देने के बाद अगले सीन का इंतजार करता है, जबकि डायरेक्टर कहानी और फिल्म के हर पहलू के बारे में सोचता रहता है।