दसवें दीपोत्सव पर 30 लाख से अधिक दीपों की रोशनी से सरयू के 56 घाट जगमगा उठे। आस्था, अध्यात्म और सांस्कृतिक वैभव के इस अद्भुत दृश्य के साक्षी उप राष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित मंत्री, विधायक व लाखों श्रद्धालु बने। दीपोत्सव की छटा देख उपराष्ट्रपति ने सीएम योगी को ‘हिंदू हृदय सम्राट’ बताया।
दीपों की स्वर्णिम आभा, शंखनाद, भजन और जय श्रीराम के उद्घोष से पूरी रामनगरी राममय हो उठी। 2147 अर्चकों ने कतारबद्ध होकर लाखों दीपों से पुण्य सलिला की अर्चना-अभ्यर्थना की। दीप जलने के बाद एक साथ 2100 स्वदेशी ड्रोन शो से रामायण के प्रसंगों का हवा में मंचन हुआ, जो रोमांच व रामायण बोध से ओतप्रोत रहा।