पीएम मोदी ने शुक्रवार शाम दिल्ली के पुराना किला में पहले शंघाई सहयोग संगठन (SCO) सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि जब दुनिया में युद्ध और अशांति पर चर्चा हो रही है, तब भारत में सभ्यताओं के बीच संवाद हो रहा है।
PM ने कहा कि दुनिया इस समय उथल-पुथल के दौर से गुजर रही है। ऐसे में सांस्कृतिक जुड़ाव और सहयोग से शांति का रास्ता मजबूत हो सकता है। कार्यक्रम में शामिल पाकिस्तान के मंत्री मुसादिक मसूद मलिक ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि इस फोरम के बाद भारत-पाकिस्तान समेत सभी देशों के रिश्ते बेहतर होंगे।
20 से 22 नवंबर तक चलने वाले SCO फोरम में पाकिस्तान समेत कई देशों के प्रतिनिधि शामिल हुए हैं। ऑपरेशन सिंदूर के बाद यह पहली बार है, जब पाकिस्तान का कोई मंत्री भारत आया है। SCO फोरम के दौरान पुराना किला में भारत की सभ्यतागत विरासत और संस्कृति पर आधारित प्रदर्शनियां भी लगाई गई हैं।