राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने लातूर के एक कोचिंग सेंटर के मालिक और पेपर लीक मामले के आरोपी शिवराज मोटेगांवकर के बेटे को नीट-यूजी परीक्षा देने से दो साल के लिए रोक दिया। एनटीए के एक आधिकारिक पत्र के अनुसार, मोटेगांवकर के बेटे आदित्य मोटेगांवकर को नीट-यूजी 2027 की परीक्षा देने के लिए भी अयोग्य घोषित कर दिया गया। नीट-यूजी पेपर लीक मामले में शिवराज मोटेगांवकर को सीबीआई ने गिरफ्तार किया था।सीबीआई के अनुसार, मोटेगांवकर ने कथित तौर पर पांच लाख रुपये देकर परीक्षा के केमिस्ट्री के सवाल हासिल किए थे। ये सवाल पी. वी. कुलकर्णी से लिए गए थे, जो नीट परीक्षा के प्रश्न तैयार करने वाली एनटीए की टीम में शामिल थे।
आरोप है कि मोटेगांवकर का बेटा आदित्य, कुलकर्णी की कोचिंग क्लास में जाता था और वहीं उसे ये सवाल उपलब्ध कराए गए थे।