IPL में 2028 से दो नई फ्रेंचाइजी शामिल हो सकती हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक BCCI लीग के विस्तार पर विचार कर रहा है। अगर ऐसा होता है तो टीमों की संख्या 10 से बढ़कर 12 हो जाएगी।
नई टीमों की रेस में पुणे और वडोदरा को सबसे आगे माना जा रहा है। बातचीत अभी शुरुआती दौर में है। नई टीमों के शहरों का अंतिम फैसला बदल भी सकता है।
2022 में भी दो टीमें जुड़ी थीं
IPL में पिछली बार 2022 सीजन से पहले दो नई टीमें शामिल की गई थीं। लखनऊ सुपर जायंट्स को RPSG ग्रुप ने 940 मिलियन डॉलर में खरीदा था। गुजरात टाइटंस का मालिकाना हक CVC कैपिटल पार्टनर्स ने 750 मिलियन डॉलर में हासिल किया था।
नई टीम की कीमत ₹8,900 करोड़ से ज्यादा हो सकती है
रिपोर्ट के मुताबिक, नई फ्रेंचाइजी की कीमत 1 बिलियन डॉलर (करीब 8,900 करोड़ रुपए) से ज्यादा हो सकती है। RCB की हालिया बिक्री 1.78 बिलियन डॉलर और राजस्थान रॉयल्स की बिक्री करीब 1.65 बिलियन डॉलर की वैल्यूएशन पर हुई है।
नई टीमों में निवेश के लिए प्राइवेट इक्विटी फर्म, वेस्ट एशिया के सॉवरेन वेल्थ फंड, अमेरिकी फैमिली ऑफिस और भारतीय कारोबारी समूह रुचि दिखा रहे हैं। रिपोर्ट में प्राइवेट इक्विटी फर्म परमिरा का नाम भी शामिल है।
2028-2032 के मीडिया राइट्स से जुड़ी तैयारी
- दो नई टीमों को शामिल करने की चर्चा IPL के अगले मीडिया राइट्स साइकल (2028-2032) से जुड़ी है। मौजूदा 2023-2027 मीडिया राइट्स 6.2 बिलियन डॉलर में बिके थे।
- हालांकि, टीमों की संख्या बढ़ाने से पहले BCCI को खिलाड़ियों की उपलब्धता, इंटरनेशनल क्रिकेट कैलेंडर और ब्रॉडकास्टर्स की दिलचस्पी जैसे पहलुओं पर विचार करना होगा।
- नई टीमें जुड़ने से मैचों की संख्या भी बढ़ेगी, जिससे ब्रॉडकास्टिंग की लागत बढ़ सकती है।
पुणे नाम से पहले भी खेल चुकी हैं टीमें
पुणे में इससे पहले दो IPL फ्रेंचाइजी खेल चुकी हैं। पुणे वॉरियर्स इंडिया ने 2011 से 2013 तक लीग में हिस्सा लिया था।
इसके बाद 2016 और 2017 में राइजिंग पुणे सुपरजायंट ने IPL खेला। टीम 2017 में फाइनल तक पहुंची थी, जहां उसे मुंबई इंडियंस से 1 रन से हार मिली थी।