BCCI अगले फ्यूचर टूर प्रोग्राम में खिलाड़ियों के लिए पर्याप्त आराम और विदेशी परिस्थितियों में ढलने का समय चाहता है। खासतौर पर SENA देशों (साउथ अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया) के टूर से पहले खिलाड़ियों को प्रैक्टिस और फ्रेंडली मैच के लिए समय देने की योजना है।
BCCI अपने FTP मैनेजर्स को इसी के अनुसार अगले FTP की योजना बनाने के निर्देश देगा। बोर्ड सचिव देवजीत सैकिया ने गुरुवार को भारतीय टीम की रिव्यू मीटिंग के बाद यह जानकारी दी।
22-23 सितंबर को दुबई में होगी FTP वर्कशॉप
2027 से 2031 के इंटरनेशनल क्रिकेट शेड्यूल पर चर्चा के लिए 22 और 23 सितंबर को दुबई में वर्कशॉप होगी। इसमें सभी क्रिकेट बोर्ड की ऑपरेशंस टीमें हिस्सा लेंगी। BCCI भी अपनी टीम भेजेगा। वर्कशॉप में टॉप-8 एसोसिएट देशों के प्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया गया है।
सैकिया ने कहा, हमारे सामने चुनौती यह है कि साल में बहुत ज्यादा मैच हो रहे हैं। इसलिए अगले FTP में हम कुछ बदलाव और उपाय करेंगे। हमने अपने FTP से जुड़े लोगों को निर्देश दिया है कि ऐसा शेड्यूल तैयार किया जाए, जिसमें खिलाड़ियों को पर्याप्त आराम मिले। SENA देशों में किसी बड़ी सीरीज से पहले उन्हें वहां की परिस्थितियों में ढलने का समय या फ्रेंडली मैच भी मिलें।”
BCCI के FTP मैनेजर्स को मौजूदा बाइलैटरल सीरीज और ICC टूर्नामेंट्स के बीच शेड्यूल में खाली जगह बनानी होगी। हालांकि, अगले कुछ सालों में भारत का कार्यक्रम पहले से ही काफी व्यस्त है।