सरकार को परिसीमन बिल पास कराने की राह आसान होती जा रही है। शनिवार शाम DMK के सांसद अमित शाह के घर पहुंचे हैं। शरद पवार की NCP और आंध्र प्रदेश के पूर्व CM जगनमोहन रेड्डी की YSRCP के बाद शनिवार को एमके स्टालिन की पार्टी DMK ने समर्थन का ऐलान किया है।
तीनों के 34 सांसद हैं। वहीं BRS ने भी समर्थन का ऐलान किया। राज्यसभा में तीन सीटें है, लोकसभा में एक भी नहीं।
सूत्रों के मुताबिक, लोकसभा में 97 सांसदों के बैठने की व्यवस्था बदली गई। DMK और NCP (SP) की सीटिंग भी INDIA ब्लॉक से अलग कर दी गई है। NCP (SP) सांसद सुप्रिया सुले भी कनिमोझी और दयानिधि मारन के साथ बैठेंगी।
DMK की बैठक के बाद सांसद ए. राजा ने कहा कि तमिलनाडु की लोकसभा सीटें 39 से बढ़ाकर 59 की जाएं। DMK चाहती है कि सीटें बढ़ने के बाद भी संसद में राज्य की हिस्सेदारी करीब 7.2% बनी रहे।
लोकसभा में DMK के 22, NCP (SP) के 8 और YSRCP के 4 सांसद हैं। इस तरह इन तीनों दलों के 34 सांसदों का समर्थन मिलने से लोकसभा में NDA की संख्या 320 से बढ़कर 354 हो जाएगी।
बिल पास कराने के लिए कुल 540 सांसदों में दो तिहाई बहुमत यानी 360 सांसदों के वोटों की जरूरत है। यानी सरकार को अभी 6 और सांसदों के समर्थन की जरूरत होगी।