जिम्बाब्वे के पहली पारी में 504 रन के जवाब में अफगानिस्तान ने तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक 402 रन बना लिए हैं। टीम अभी 102 रन पीछे है और उसके तीन विकेट बाकी हैं। शारजाह में कप्तान रहमत शाह 94 रन बनाकर क्रीज पर टिके हैं।
रहमानुल्लाह-अटल ने 206 रन की साझेदारी की
दिन की शुरुआत अफगानिस्तान के लिए अच्छी रही। दूसरे विकेट के लिए नाबाद 99 रन की साझेदारी कर चुके रहमानुल्लाह और सेदीकुल्लाह अटल ने इसे आगे बढ़ाया। दोनों ने तीसरे दिन 107 रन और जोड़े। इस तरह साझेदारी 206 रन तक पहुंच गई। यह टेस्ट क्रिकेट में अफगानिस्तान की ओर से दूसरे विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी है। साथ ही, अफगानिस्तान की किसी जोड़ी ने टेस्ट में चौथी बार 200 से ज्यादा रन की साझेदारी की।
23 साल के रहमानुल्लाह ने अपने डेब्यू टेस्ट में शतक लगाया। उन्होंने मुजारबानी की पैड की ओर आती फुल लेंथ गेंद को मिडविकेट की तरफ चौके के लिए भेजकर शतक पूरा रन किया। इसके तुरंत बाद अटल ने भी चौका लगाकर अपना शतक पूरा किया। यह लगातार दूसरी टेस्ट पारी थी, जिसमें उन्होंने सेंचुरी बनाई।