विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) का पहला मुकाबला 14 जनवरी को डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और दो बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस (MI) के बीच खेला जाएगा। वडोदरा इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में होने वाला यह मैच शाम 7:30 बजे शुरू होगा।
BCCI ने टूर्नामेंट के लिए वडोदरा और मुंबई को वेन्यू चुना है। शुरुआती 11 मुकाबले 14 से 24 जनवरी तक वडोदरा में खेले जाएंगे। इसके बाद 26 जनवरी से मुंबई में लीग के बाकी मैच होंगे। लीग स्टेज का आखिरी मुकाबला 3 फरवरी को दिल्ली कैपिटल्स और UP वॉरियर्स के बीच होगा। एलिमिनेटर 5 फरवरी और फाइनल 7 फरवरी को खेला जाएगा।
टूर्नामेंट में पांच टीमें हिस्सा लेंगी। लीग स्टेज में हर टीम बाकी चार टीमों से दो-दो बार भिड़ेगी। इस तरह 20 लीग मैच होंगे। एलिमिनेटर और फाइनल को मिलाकर कुल 22 मुकाबले खेले जाएंगे। पूरा टूर्नामेंट 25 दिन में होगा।