भारतीय महिला हॉकी टीम ने पाकिस्तान को 19-0 से हराया:जूनियर एशिया कप में सबसे बड़ी जीत, पूजा की हैट्रिक; सेमीफाइनल में पहुंची डिफेंडिंग चैंपियन

भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम ने पाकिस्तान पर 19 गोल मारकर रिकॉर्ड जीत दर्ज की। पाकिस्तानी टीम एक भी गोल नहीं कर सकी। यह महिला जूनियर हॉकी में भारत की सबसे बड़ी जीत है।

डिफेंडिंग चैंपियन भारत ने गुरुवार को जूनियर एशिया कप के क्वार्टर फाइनल में पाकिस्तान को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। भारत ने पहले हाफ में 10 और दूसरे हाफ में 9 गोल किए।

भारत की पूजा मलिक ने हैट्रिक लगाई। सानिका चंद्रकांत माने, मधु सिदार और सुप्रिया ने 2-2 गोल किए। रोशनी ऐंद ने भी 2 गोल किए।

भारत ने पहले ही क्वार्टर में 5 गोल कर दिए थे। पूजा साहू ने 7वें मिनट में खाता खोला, रोशनी ऐंद ने 9वें, तनुश्री दिनेश कडू ने 11वें, सुखवीर कौर ने 13वें और सानिका माने ने 13वें मिनट में गोल किया।

दूसरे क्वार्टर में मधु सिदार, गीता यादव, सानिका माने, तनुजा टोप्पो और पूजा मलिक ने गोल किए। इससे हाफ टाइम तक भारत 10-0 से आगे था।

पूर्णिमा यादव, मधु सिदार और सुप्रिया ने तीसरे क्वार्टर में गोल किए। आखिरी क्वार्टर में कृष्णा शर्मा, पूजा मलिक, सुप्रिया, बिनीमा धन और रोशनी ऐंद ने गोल दागे। पूजा मलिक ने 49वें और 51वें मिनट में गोल कर अपनी हैट्रिक पूरी की। रोशनी ने 60वें मिनट में भारत का 19वां गोल किया।

इसे शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *