दिल्ली में 13 सितंबर को होने वाला भारत-अफगानिस्तान पहला टी-20 13 सितंबर को ही खेला जाएगा। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने BRICS समिट के दौरान सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था का हवाला देते हुए मैच को आगे बढ़ाने की अपील की थी।
BRICS समिट 12-13 सितंबर को भारत मंडपम में होनी है और मैच 13 सितंबर को अरुण जेटली स्टेडियम में होना है। दोनों जगहों के बीच 5 किमी. की दूरी है। ऐसे में ट्रैफिक पुलिस ने दिल्ली और डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट संघ (DDCA) को मैच टालने के लिए पत्र लिखा था।
DDCA ने गुरुवार को ट्रैफिक पुलिस से बैठक के बाद कहा कि मुकाबला तय तारीख पर ही होगा। जरूरी इंतजाम हो जाएंगे।
DDCA ने बैठक के बाद X पर लिखा कि उसे जरूरी सहयोग और व्यवस्थाओं का भरोसा दिया गया है। इसलिए 13 सितंबर को अरुण जेटली स्टेडियम में पहला टी-20 तय कार्यक्रम के मुताबिक ही होगा।
दिल्ली पुलिस ने क्यों जताई थी चिंता
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने 9 सितंबर को DDCA को पत्र भेजकर 13 सितंबर का मैच किसी दूसरी तारीख पर कराने पर विचार करने को कहा था। पुलिस के मुताबिक BRICS समिट के लिए दिल्ली में बड़ी संख्या में विदेशी प्रतिनिधि, राजनयिक और VVIP पहुंचेंगे।
समिट के दौरान VIP रूट रेगुलेशन, ट्रैफिक डायवर्जन, रूट क्लियरेंस और अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जरूरत होगी। इसके साथ ही मैच में करीब 25 से 35 हजार दर्शकों के पहुंचने का अनुमान है। ऐसे में ट्रैफिक पुलिस पर अतिरिक्त दबाव पड़ने की बात कही गई थी।
भारत मंडपम से 5 किमी दूर स्टेडियम
BRICS समिट का आयोजन भारत मंडपम में होगा। यह अरुण जेटली स्टेडियम से करीब 5 किलोमीटर दूर है। दोनों जगह महात्मा गांधी रोड से जुड़ी हैं। समिट के दौरान VVIP मूवमेंट के कारण सेंट्रल दिल्ली में ट्रैफिक प्रतिबंध और रूट डायवर्जन रहेंगे।
समिट के दौरान स्कूल और सरकारी दफ्तर भी बंद रहेंगे। प्रशासन ने सड़कों पर आवाजाही को लेकर एडवाइजरी भी जारी की गई है।
13 से 17 सितंबर तक तीन टी-20
भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की टी-20 सीरीज 13, 15 और 17 सितंबर को होगी। तीनों मुकाबले अरुण जेटली स्टेडियम में खेले जाएंगे। पहला मैच 13 सितंबर को शाम 7 बजे शुरू होगा।
इस सीरीज की मेजबानी अफगानिस्तान कर रहा है। यानी मैच दिल्ली में होने के बावजूद कागजों पर अफगानिस्तान होम टीम और भारत मेहमान टीम है।