पटना। गांधी मैदान में बुधवार सुबह पांच बजे ईद की नमाज अदा की गई। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी गांधी मैदान पहुंचे और सभी को ईद की बधाई दी। उन्होंने नाम लिए बिना बीजेपी नेता और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह को भी जवाब दिया। नीतीश ने कहा कि जो अपने धर्म के सम्मान की बात करता है और दूसरे धर्म की नहीं वह धार्मिक नहीं अधार्मिक है। हमें सभी धर्म के प्रति सम्मान व्यक्त करना चाहिए।
नीतीश ने कहा कि समाज में एक-दूसरे के खिलाफ अपशब्दों का इस्तेमाल होता है। यह बंद होना चाहिए। सबको एक-दूसरे के प्रति सम्मान रखना चाहिए। यही धर्म है। चाहे आप किसी भी धर्म को अपनाइए। सभी का उपदेश यही है कि प्रेम से अपना काम करिए और दूसरे के प्रति सम्मान का भाव रखिए। इसके अलावा कोई अगर इधर-उधर सोचता है तो समझ लीजिए वह धार्मिक व्यक्ति नहीं है। धर्म में उसकी आस्था नहीं है। वह धर्म को बदनाम करना चाहता है। हम सब लोगों से प्रार्थना करते हैं कि प्रेम और सद्भावना बनाए रखें।
मैं किसी खास व्यक्ति पर प्रतिक्रिया नहीं देता हूं। मैं सबको शुरू से जानता हूं। कुछ लोगों की आदत होती है कि ऐसा कुछ बोलो जिसपर खूब प्रतिक्रिया हो। मैं सभी के साथ एक समान इज्जत की भावना रखता हूं। ईद के अवसर पर गांधी मैदान में हर साल नमाज का आयोजन होता है। 2006 में इस रोज यहां आने की परंपरा की शुरुआत की। मैं आता हूं और लोगों को पर्व की शुभकामना देता हूं। कौन सा ऐसा पर्व है जिसकी शुभकामना नहीं देता? सभी धर्म के प्रति सम्मान रखना चाहिए। ऐसा नहीं कि आप जिस धर्म को मानते हैं उसके प्रति सम्मान रखिए और दूसरे के प्रति नहीं। इससे गलत कोई बात नहीं हो सकती। यह भावना धार्मिक नहीं अधार्मिक है।
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने इफ्तार पार्टियों में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार व अन्य नेताओं की चार तस्वीरें मंगलवार को ट्वीट पर डालीं और तंज कसा। तस्वीरों के नीचे लिखा-‘कितनी खूबसूरत तस्वीर होती जब इतनी ही चाहत से नवरात्रि पर फलाहार का आयोजन करते। और सुंदर-सुंदर फोटो आते? अपने धर्म-कर्म में हम पिछड़ क्यों जाते हैं और दिखावे में आगे रहते हैं?’