हार्दिक पंड्या और अर्शदीप सिंह के ट्रेड को BCCI की मंजूरी मिल गई है। अब हार्दिक पंजाब किंग्स और अर्शदीप मुंबई इंडियंस से खेलेंगे।
दोनों खिलाड़ियों की IPL फीस में कोई बदलाव नहीं किया गया है। हार्दिक को मुंबई में मिलने वाली 16.35 करोड़ रुपए की सैलरी ही पंजाब में मिलेगी, जबकि अर्शदीप को मुंबई में 18 करोड़ रुपए मिलेंगे।
हार्दिक मुंबई के लिए 10 सीजन खेले
हार्दिक ने 2015 से 2021 तक लगातार 7 सीजन और 2024 से 2026 तक 3 सीजन मुंबई के लिए खेले। इस बीच वे 2022 और 2023 में गुजरात टाइटंस का हिस्सा रहे। हार्दिक IPL 2026 के बाद खुद ही मुंबई की टीम छोड़ना चाहते थे।
हार्दिक की कप्तानी में मुंबई का रिकॉर्ड कमजोर रहा
- हार्दिक का यह तीन साल में दूसरी बार ट्रेड के जरिए टीम बदलना होगा। IPL 2024 से पहले मुंबई इंडियंस ने उन्हें गुजरात टाइटंस से ऑल-कैश डील में शामिल किया था। इसके बाद उन्हें रोहित शर्मा की जगह कप्तान बनाया गया। रोहित की कप्तानी में मुंबई पांच IPL खिताब जीत चुकी थी।
- हार्दिक की कप्तानी में मुंबई ने 2024 में आखिरी स्थान हासिल किया। 2025 में टीम प्लेऑफ तक पहुंची, लेकिन 2026 में नौवें स्थान पर रही।
- इसके उलट गुजरात टाइटंस के कप्तान के तौर पर उनका रिकॉर्ड बेहतर था। गुजरात ने उनकी कप्तानी में 31 मैचों में 22 जीत और 9 हार दर्ज कीं।