वेणु श्रीनिवासन परिवार में उत्तराधिकार को लेकर चल रहे विवाद से टीवीएस होल्डिंग्स लिमिटेड और टीवीएस मोटर कंपनी के संचालन एवं प्रबंधन संबंधी जोखिम पैदा हो सकते हैं। हालांकि, स्वामित्व के हस्तांतरण और प्रबंधन में बदलाव औपचारिक कॉरपोरेट प्रक्रियाओं के जरिए किए गए हैं। कॉरपोरेट संचालन और प्रशासन पर सलाह देने वाली कंपनी इनगवर्न ने रविवार को यह बात कही।
इस विवाद का विश्लेषण करने वाली अपनी रिपोर्ट में इनगवर्न ने कहा कि अल्पांश शेयरधारकों की मुख्य चिंता परिवार की निजी संपत्ति के बंटवारे को लेकर नहीं है, बल्कि यह है कि उत्तराधिकार के अधिकार, प्रवर्तकों का नियंत्रण और प्रबंधन संबंधी व्यवस्थाएं कितनी स्पष्ट हैं, उन्हें कितनी कानूनी निश्चितता हासिल है और उनका खुलासा कितनी पारदर्शिता से किया गया है।
कारोबार के बंटवारे को लेकर मतभेद
वेणु श्रीनिवासन परिवार में संपत्ति और कारोबार के बंटवारे को लेकर मतभेद सामने आने के बाद यह विवाद अक्टूबर में सार्वजनिक हुआ।
वेणु श्रीनिवासन टीवीएस होल्डिंग्स के चेयरमैन हैं। श्रीनिवासन का कहना है कि उन्होंने अपनी निजी संपत्तियों और परिवार के कारोबार को पारदर्शी तरीके से अलग कर दिया है। वहीं, उनकी पत्नी मल्लिका श्रीनिवासन और बेटी लक्ष्मी वेणु का कहना है कि परिवार के भीतर संपत्ति का कोई आर्थिक समझौता नहीं हुआ है।
इस विवाद के केंद्र में 21 मार्च, 2024 को वेणु श्रीनिवासन, मल्लिका श्रीनिवासन, लक्ष्मी वेणु और उनके बेटे सुदर्शन वेणु के बीच हुआ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) है। टीवीएस होल्डिंग्स ने 22 मार्च, 2024 को नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) को इस एमओयू की जानकारी दी थी। कंपनी ने कहा था कि इससे उसके कारोबार या पहले की तरह कामकाज जारी रखने की क्षमता पर कोई प्रतिकूल असर नहीं पड़ेगा।