रोहित शर्मा और विराट कोहली के आलोचकों को पूर्व भारतीय क्रिकेटर मोहित शर्मा ने फिल्मी अंदाज में जवाब दिया है। मोहित ने फिल्म ‘जॉली एलएलबी’ के एक चर्चित डायलॉग का सहारा लेते हुए कहा, “कौन हैं ये लोग, कहां से आते हैं ये लोग।” उन्होंने साफ कहा कि रोहित और विराट की जगह पर बार-बार चर्चा करने का कोई मतलब नहीं है।
मोहित शर्मा ने यह बात दुबई में वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स (WCL) सीजन-3 से इतर न्यूज एजेंसी ANI से बातचीत में कही। वह टूर्नामेंट में इंडिया चैंपियंस टीम का हिस्सा हैं।
रोहित शर्मा और विराट कोहली अब भारतीय क्रिकेट में सिर्फ वनडे फॉर्मेट में खेलते हैं। ऐसे में वनडे कम होने की वजह से हर सीरीज के आसपास दोनों के भविष्य और 2027 वर्ल्ड कप में उनकी जगह को लेकर चर्चा शुरू हो जाती है।
इस सवाल पर मोहित ने कहा, मुझे एक मीम याद है- कौन हैं ये लोग, कहां से आते हैं ये लोग। मोहित का जवाब सीधे तौर पर उन लोगों पर तंज था, जो दोनों दिग्गजों की टीम में जगह पर सवाल उठा रहे हैं।