बॉलीवुड एक्टर रणवीर सिंह की अपकमिंग फिल्म ‘प्रलय’ रिलीज से पहले ही विवादों में आ गई है। मुंबई के ऐतिहासिक आजाद मैदान में फिल्म की शूटिंग के लिए मिली अनुमति ने मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (MCA) को नाराज कर दिया है। शूटिंग के चलते मैदान पर होने वाले अंडर-14 और अंडर-16 इंटरस्कूल क्रिकेट मैच टालने पड़े। MCA ने इस फैसले पर सवाल उठाते हुए खेल मैदान के व्यावसायिक इस्तेमाल का विरोध किया है। एसोसिएशन का कहना है कि जिस मैदान पर युवा क्रिकेटर अपना भविष्य संवारते हैं, वहां व्यावसायिक फिल्म शूटिंग को प्राथमिकता देना खेल संस्कृति के लिए ठीक नहीं है।
मुंबई का आजाद मैदान लंबे समय से क्रिकेट गतिविधियों का प्रमुख केंद्र रहा है। यहां बड़ी संख्या में युवा खिलाड़ी क्रिकेट की प्रैक्टिस करते हैं। इसके अलावा मैदान पर स्थानीय और इंटरस्कूल क्रिकेट टूर्नामेंट भी आयोजित किए जाते हैं।
मुंबई मिरर की रिपोर्ट के मुताबिक, महाराष्ट्र सरकार के खेल विभाग ने रणवीर सिंह की फिल्म ‘प्रलय’ के मेकर्स को आजाद मैदान में छह घंटे तक शूटिंग करने की अनुमति दी थी। बताया जा रहा है कि इस मैदान पर पहली बार किसी फिल्म की शूटिंग के लिए इस तरह की अनुमति दी गई।
इस फैसले के बाद मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन ने नाराजगी जताई है। एसोसिएशन का कहना है कि शूटिंग के लिए मैदान का इस्तेमाल होने से वहां पहले से निर्धारित क्रिकेट गतिविधियां प्रभावित हुईं।
शूटिंग के लिए लगाया गया बड़ा सेट, बिछाई गई आर्टिफिशियल घास
फिल्म की शूटिंग के लिए आजाद मैदान में बड़े-बड़े सेट तैयार किए गए थे। इसके अलावा शूटिंग की जरूरत के मुताबिक आर्टिफिशियल घास भी बिछाई गई थी।
मैदान पर इस तरह की तैयारियों के चलते क्रिकेट मैचों के आयोजन में परेशानी हुई। खासतौर पर अंडर-14 और अंडर-16 के इंटरस्कूल क्रिकेट मैच प्रभावित हुए। रिपोर्ट के मुताबिक, इन मुकाबलों को आगे के लिए टालना पड़ा।
MCA का कहना है कि मैदान का इस्तेमाल युवा खिलाड़ियों को क्रिकेट की ट्रेनिंग देने और प्रतियोगिताएं आयोजित करने के लिए होता है। ऐसे में किसी कमर्शियल फिल्म की शूटिंग के लिए मैदान की बुकिंग करना खेल गतिविधियों के हित में नहीं है।