भारत जोड़ो यात्रा का जयंत ने किया समर्थन, कहा- ‘तप कर ही धरती से बनी ईंटें छू लेती हैं आकाश!

आरएलडी प्रमुख जयंत चौधरी ने कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा का समर्थन करते हुए इस अभियान को लोगों को एक सूत्र में जोड़ने वाला करार दिया है। जयंत चौधरी ने यात्रा के समर्थन में ट्वीट कर कहा, ‘तप कर ही धरती से बनी ईंटें छू लेती हैं आकाश! भारत जोड़ो यात्रा के तपस्वियों को सलाम! देश के संस्कार के साथ जुड़ कर उत्तर प्रदेश में भी चल रहा ये अभियान सार्थक हो और एक सूत्र में लोगों को जोड़ते रहें!’

इससे पहले भारत जोड़ो यात्रा में जयंत चौधरी ने शामिल होने से मना कर दिया था. कांग्रेस पार्टी की तरफ से उन्हें यात्रा में शामिल होने के लिए न्योता दिया गया था, लेकिन जयंत ने यात्रा में आने से मना करते हुए कहा था कि उनके कुछ दूसरे राजनीतिक कार्यक्रम हैं, ऐसे में राहुल के साथ नहीं चल सकते।

दरअसल 7 सितम्बर से शुरू हुई राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा मंगलवार को उत्तर प्रदेश में प्रवेश कर गई है, जिसमें राहुल गांधी के साथ पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हैं। केंद्र की सत्ता तक पहुंचने के लिए उत्तर प्रदेश में कांग्रेस नए सिरे से रणनीति तैयार कर रही है। खासकर 1990 से पहले वाला अपना खोया वोट बैंक फिर से जुटाना चाहती है।

यह यात्रा सुबह क़रीब 10 बजे दिल्ली के कश्मीरी गेट के निकट जमुना बाज़ार से रवाना हुई और दोपहर को उत्तर प्रदेश के लोनी (गाज़ियाबाद) पहुंचेगी जहां से यह देश की सबसे बड़ी आबादी वाले राज्य में दाख़िल होगी।

‘भारत जोड़ो यात्रा’ सात सितंबर को कन्याकुमारी से आरंभ हुई थी और गत 24 दिसंबर को दिल्ली पहुंची थी। नौ दिनों के विराम के बाद आज यह फिर से आरंभ हुई है और उत्तर प्रदेश के बाद हरियाणा, पंजाब तथा जम्मू-कश्मीर जाएगी।

कांग्रेस के संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने सोमवार को बताया था कि उत्तर प्रदेश में यह यात्रा पांच जनवरी तक रहेगी। छह जनवरी को ‘भारत जोड़ो यात्रा’ हरियाणा में प्रवेश करेगी जहां यह 10 जनवरी तक रहेगी। इसके बाद यह यात्रा 11 जनवरी को पंजाब में प्रवेश करेगी तथा एक दिन के लिए 19 जनवरी को हिमाचल प्रदेश से भी गुज़रेगी।

वेणुगोपाल के अनुसार, 20 जनवरी को यह यात्रा जम्मू-कश्मीर में प्रवेश करेगी। 30 जनवरी को श्रीनगर में राहुल गांधी तिरंगा फहराएंगे और वहीं इस यात्रा का समापन होगा।

बता दें कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने गत शनिवार को देश में भारतीय जनता पार्टी के ख़िलाफ़ बड़े पैमाने पर ‘अंडरकरंट’ (माहौल) होने का दावा किया था और उन्होंने कहा था कि देश को वैकल्पिक दृष्टिकोण देने के लिए विपक्ष को एकजुट होना होगा।

कांग्रेस पार्टी के अनुसार सांसद राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में यूपी में शामिल होने के लिए सभी विपक्षी पार्टियों के अध्यक्षों को न्योता दिया है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव, आरएलडी अध्यक्ष जयंत चौधरी, बसपा अध्यक्ष मायावती को न्योता है।

इसी की प्रतिक्रिया के तौर पर मगंलवार को आरएलडी प्रमुख ने भारत जोड़ो यात्रा पर अपना समर्थन जाहिर किया है।जानकारी के अनुसार कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा में बागपत, शामली समेत यूपी के कई जिलों में आरएलडी के नेता और कार्यकर्ता शामिल होंगे।

लगातार अपडेट और ख़बरों के लिए हमारे फ़ेसबुक पेज और ट्विटर ज़रूर फ़ॉलो करें। 

इसे शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *