भाजपा के बड़े नेताओं के विधानसभा क्षेत्रों पर कांग्रेस का खास ध्यान : कमल नाथ

मध्य प्रदेश में विधानसभा के चुनाव में अभी लगभग डेढ़ साल का समय है, मगर चुनावी तैयारियां अभी से तेज हो गई हैं। कांग्रेस का सदस्यता अभियान जारी है, कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ ने बड़े नेताओं के विधानसभा क्षेत्रों पर खास ध्यान देने पर जोर दिया है।

कांग्रेस के प्रदेश मुख्यालय में पार्टी के आईटी एवं सोशल मीडिया विभाग के पदाधिकारियों और जिला प्रभारियों की बैठक हुई। इस बैठक में कमल नाथ ने पदाधिकारियों को सोशल मीडिया, डिजिटल मीडिया तथा कांग्रेस की सदस्यता अभियान पर विशेष फोकस करने पर जोर देते हुए कहा, मंडलम, सेक्टर और बूथ में अधिक से अधिक कांग्रेस सदस्यता अभियान चलाएं। घर चलो, घर घर चलो कार्यक्रम में तेजी लाएं, डिजिटल सदस्यता को ज्यादा महत्व दे।

कमल नाथ ने संवाददाताओं से चर्चा करते हुए कहा, चुनाव में मात्र 19 महीने शेष बचे हैं, हमें अपने संगठन को और मजबूती प्रदान करना है, क्योंकि हमारा मुकाबला भाजपा के संगठन से है। हमें पूरा विश्वास है कि आम जनता की जो भावना है, जो सोच है, संगठन के माध्यम से उसे जनता के बीच ले जाएंगे।

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कमल नाथ ने आगामी तैयारी का जिक्र करते हुए कहा, हम लोगों का फोकस हर सीट पर है और खासकर भाजपा के बड़े नेताओं की सीट पर भी हमारा विशेष फोकस रहेगा।

व्यापमं का नाम बदले जाने पर कमल नाथ ने कहा, व्यापमं का नाम बदलने का कारण घोटाला छुपाना है। वे सोचते हैं कि एक और तरीका मिल गया जनता को गुमराह करने का, लेकिन लोग व्यापमं को अभी तक भूले नहीं हैं और मध्य प्रदेश की जनता तो व्यापमं को कभी नहीं भूलने वाली है, उसके तो दिल और दिमाग में व्यापमं बसा हुआ है।

इसे शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *